रांची, 19 मई (आईएएनएस)। रांची के सुखदेवनगर थाने की पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे चार अपराधियों को आधुनिक हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी एक राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से यूएसए निर्मित अवैध 9 एमएम ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो महंगे स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
रांची के एसएसपी को सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गंगननगर करम चौक के पास कुछ अपराधी अत्याधुनिक हथियारों के साथ जमा हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद, सिटी एसपी की निगरानी में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। टीम में हटिया और कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षकों के साथ सुखदेवनगर थाना पुलिस को शामिल किया गया।
इसके बाद पुलिस ने गंगननगर करम चौक इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद चार युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से यूएसए-निर्मित ऑटोमेटिक पिस्टल मिली। पिस्टल की मैगजीन में नौ एमएम की दो जिंदा गोलियां भी लोड थीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहदेव तिग्गा (35), अंकित खलखो (22), रवि लकड़ा (26) और संदीप कुमार उर्फ बबलू (40) के रूप में हुई है। सहदेव, अंकित और रवि अरगोड़ा थाना क्षेत्र के डुंगरी टोली, हरमू के रहने वाले हैं, जबकि संदीप सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गंगननगर रोड नंबर-06 का निवासी है।
पुलिस ने इस मामले में सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 179/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है और उनके पास बरामद हथियार कहां से आया।
–आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
