पीएम मोदी ने गिनाईं भारत की वैश्विक उपलब्धियां, कहा-दुनिया को दे रहे हैं विकास का नया मॉडल


ऑकलैंड, 11 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तेजी से हो रहे आर्थिक बदलाव पर जोर देते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन गया है। साथ ही यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता और टेलीकॉम मार्केट और दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट भी बन गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “वैश्विक चुनौतियों के बीच आज भारत जिस तेजी से विकास कर रहा है, वह अभूतपूर्व है। मैं आपके सामने देश की उपलब्धियों का एक गुलदस्ता प्रस्तुत करूंगा। मैं आपके लिए यह लाया हूं। इसमें आपकी पसंद का कोई न कोई फूल जरूर होगा, जो आपको सुंदर भी लगेगा और गर्व से भर भी देगा। भारत आज दुनिया की फास्टेस्ट ग्रोइंग मेजर इकोनॉमी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन प्रोड्यूसर, दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा कंजप्शन में अग्रणी देशों में है।”

उन्होंने कहा, “आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर है, दुनिया का सबसे बड़ा टेलीकॉम मार्केट, दूसरा सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक, सबसे बड़ा दूध उत्पादक, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक और तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। भारत बहुत जल्द दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा प्रोड्यूसर बनने जा रहा है। सोलर एनर्जी कैपेसिटी में भी भारत दुनिया के बड़े देशों में शामिल हो चुका है।”

पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत दुनिया को विकास के नए मॉडल दे रहा है। भारत दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल आइडेंटिटी प्लेटफॉर्म का सफल संचालन कर रहा है। भारत में यूपीआई के माध्यम से हर महीने अरबों डिजिटल ट्रांजेक्शन हो रहे हैं। भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर में आज दुनिया के दर्जनों देश दिलचस्पी दिखा रहे हैं। ड्रोन तकनीक और स्पेस इकोनॉमी में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ये उस नए भारत की तस्वीर है, जो दिखाती है कि कैसे भारत न्यूजीलैंड की तरह की इकोनॉमी और इकोलॉजी दोनों में संतुलन बनाकर चल रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारतीय पीएम को न्यूजीलैंड आने में 40 साल लगे हैं, लेकिन अब इतना लंबा इंतजार आपको नहीं करना पड़ेगा। अब 40 साल नहीं लगेंगे। ये मोदी का गारंटी है। मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी।”

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों के बच्चों को भारत की संस्कृति और विरासत से जोड़ने के लिए शुरू की गई एक नई पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि अपने बच्चों को ‘भारत को जानो क्विज’ से जरूर जोड़ें। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की विविधता, संस्कृति और विरासत से परिचित कराना है, ताकि वे भारत को बेहतर ढंग से समझें और उसकी समृद्ध पहचान को दुनिया तक पहुंचा सकें।”

–आईएएनएस

केके/वीसी


Related Articles

Latest News