जयपुर से दरभंगा के बीच ट्रेन चलने से लोगों का सपना पूरा हुआ: सीएम भजनलाल शर्मा


जयपुर, 21 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के खाती पुरा रेलवे स्टेशन से दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन से राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बधाई देता हूं। खातीपुरा बहुत पुराना रेलवे स्टेशन है और आज इसके टर्मिनल का उद्घाटन हुआ। यह जयपुर, राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक तोहफा है। इस दिशा से आने वाली सभी ट्रेनें यहां रुकेंगी। जब मैं बिहार गया था तो वहां के लोगों ने दरभंगा और जयपुर के बीच सीधी ट्रेन सर्विस की मांग की थी। आज उनका वह सपना सच हो रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से बिहार और राजस्थान के लिए आर्थिक और सांस्कृतिक समृद्धि के लिए फायदेमंद साबित होगी। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को दिक्कतें होती थीं, लेकिन नई गाड़ी से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। भविष्य में इस रेलवे स्टेशन से और भी ट्रेनें संचालित की जाएंगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जयपुर तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। डेवलपमेंट की रफ्तार को देखते हुए रेलवे की कैपेसिटी बढ़ाने के लिए बहुत काम किया गया है। कैपेसिटी बढ़ाने के लिए तीन मुख्य एरिया हैं। स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाना, ट्रेन मेंटेनेंस की सुविधाएं बढ़ाना, और शहर के चारों ओर मेगा टर्मिनल बनाना। जयपुर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खातीपुरा में एक मेगा टर्मिनल बनाया गया है। हर महीने लगभग 450 ट्रेनों के मेंटेनेंस का इंतजाम किया गया है। मॉडर्न सिस्टम लगाए गए हैं, ताकि आज की मॉडर्न ट्रेनें, वंदे भारत और अमृत भारत, भी यहां मेंटेन की जा सकें। यह सुविधा अगले 20 सालों में जयपुर के डेवलपमेंट के लिए काफी होगी। भविष्य में इस सुविधा से चलने वाली ट्रेनें दिल्ली, जोधपुर और बीकानेर जा सकेंगी, और सवाई माधोपुर के लिए सांगानेर में एक और सुविधा बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज मैं बीकानेर भी गया और वहां से अहमदाबाद के लिए एक ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अगले 5 साल में बहुत बड़ा बदलाव आएगा और हम राजस्थान से 200 से ज्यादा ट्रेनें चलाएंगे, जिससे सबको फायदा होगा। वेटिंग लिस्ट की प्रॉब्लम लगभग खत्म हो जाएगी।

डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने बताया कि उन्होंने जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस और बीकानेर (लालगढ़)-अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ तथा खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल के लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता की।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्री-केंद्रित विकास के माध्यम से रेलवे देश की प्रगति का सशक्त आधार बन रही है। जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस राजस्थान और बिहार के बीच संपर्क को नई गति प्रदान करते हुए लाखों यात्रियों, विद्यार्थियों, श्रमिकों एवं व्यापारियों के लिए सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा का सशक्त माध्यम बनेगी। वहीं, खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल आधुनिक रेल अवसंरचना को नई मजबूती प्रदान करते हुए ट्रेनों के अनुरक्षण, संचालन क्षमता और रेल सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण वृद्धि सुनिश्चित करेगा।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News