Wednesday, February 25, 2026

वॉलेट सेवाओं के लिए अब यूपीआई लाइट (UPI Lite) पर ध्यान केंद्रित करेगा पेटीएम (Paytm)

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। पेटीएम (Paytm) का संचालन करने वाली कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (ओसीएल) ने सोमवार को कहा कि वे अब उन उपयोगकर्ताओं को स्थानांतरित करने के लिए यूपीआई लाइट (UPI Lite) वॉलेट पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो कम मूल्य के रोजमर्रा के भुगतान के लिए वॉलेट का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं।

पेटीएम यूपीआई लाइट (Paytm UPI Lite) एक ऑन-डिवाइस वॉलेट है, जिसमें ग्राहक आसानी से फंड जमाकर भुगतान कर सकते हैं। इसका फायदा यह है कि आपको छोटे लेन-देन को पूरा करने के लिए पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती है।

पेटीएम के प्रवक्ता ने कहा, “हम वॉलेट को एक काफी महत्वपूर्ण भुगतान प्रणाली के तौर पर देख रहे हैं। पेटीएम लाइट इस अनुभव को और बढ़ाता है। पेटीएम लाइट यूजर्स को बेहतरीन अनुभव प्रदान करता है और इसके माध्यम से लोकल स्टोर, दुकानों आदि पर रोजमर्रा के भुगतान को आसानी से किया जा सकता है। हम एनपीसीआई के साथ साझेदारी में भारत के हर कोने में यूपीआई इकोसिस्टम को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

यूपीआई लाइट (UPI Lite) वॉलेट को शुरू करने के लिए आपको पेटीएम ऐप पर जाना होगा। इसके लिए ‘यूपीआई लाइट एक्टिवेट’ के बटन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद यूपीआई लाइट में जिस बैंक खाते का आप उपयोग करना चाहते हैं, उसका चयन करें। इसके बाद अपने यूपीआई लाइट वॉलेट में राशि जमा करें। अब आप आसानी से भुगतान करने के लिए यूपीआई लाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

यूपीआई लाइट (UPI Lite) वॉलेट में एक बार में 2,000 रुपये जोड़ सकते हैं और दिन में अधिकतम दो बार राशि जमा कर सकते हैं। पेटीएम की ओर से एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और यस बैंक के साथ साझेदारी की गई है, जिससे ग्राहकों को यूपीआई लेन-देन करते समय अच्छी सेवाएं मिले।

–आईएएनएस

एवीएस/एबीएम

Related Articles

Latest News