मुंबई, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में दो मुकाबलों का बैन झेल रहे पाकिस्तानी बल्लेबाज फखर जमान ने उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें कहा जा रहा था कि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, क्योंकि फखर अमेरिका में बसने पर विचार कर रहे हैं।
फखर पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में 29 मार्च को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान बॉल टैंपरिंग के आरोपों के चलते दो मैचों का बैन झेल रहे हैं। उन्होंने मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया था। मैच रेफरी ने उनकी सफाई को मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीसीबी की तीन सदस्यों वाली एक समिति ने सुनवाई के बाद उन पर लगे बैन को बरकरार रखा।
सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें और दावे किए जा रहे थे कि फखर जमान ने अपने परिवार को यूएसए भेज दिया है और वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। वह फिटनेस से जुड़ी समस्याओं, खासकर हार्मोनल समस्याओं से भी जूझ रहे हैं, जिनकी वजह से उन्हें बार-बार चोटें लगती रहती हैं।
क्रिकेटर के करीबी सूत्रों ने मंगलवार को ‘टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट’ को बताया, “फखर संन्यास नहीं ले रहे हैं, और न ही वह पाकिस्तान छोड़ रहे हैं। उन्होंने यह बात पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और चयन समिति को बता दी है।”
फखर जमान ने टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ दो मुकाबले खेले, जिसमें 25 और 84 रन बनाए। इन दोनों पारियों में उन्होंने आक्रामक खेल दिखाया था और फिटनेस से जुड़ी कोई समस्या नजर नहीं आई थी, लेकिन फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के कारण उन्हें बांग्लादेश दौरे के लिए वनडे टीम से अपना नाम वापस लेना पड़ा था। इन समस्याओं के सामने आने के बाद फिर से ऐसी खबरें आने लगी थीं कि वह 50 ओवरों के फॉर्मेट पर ध्यान देने के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लेंगे।
पाकिस्तान अक्टूबर तक कोई टी20 मैच नहीं खेलेगा। अक्टूबर में वह श्रीलंका की मेजबानी करेगा। वहीं, उनकी अगली वनडे सीरीज इस साल मई-जून में अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगी।
सूत्रों ने टेलीकॉमएशियाडॉटनेट को बताया, “फखर 2028 का टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और अपनी फिटनेस पर भी काम कर रहे हैं। इसके अलावा, वह उससे पहले लॉस एंजिल्स ओलंपिक्स में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं, क्योंकि ऐसी संभावना है कि पाकिस्तान को भी भारत के साथ ओलंपिक्स में जगह मिल जाएगी।”
–आईएएनएस
आरएसजी
