KKR में पेसर नवदीप सैनी की एंट्री: हर्षित राणा के बने रिप्लेसमेंट, बुमराह पहुंचे BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया है। वे चोटिल हर्षित राणा की जगह खेलेंगे। हर्षित टी-20 वर्ल्ड कप के प्रैक्टिस मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चोटिल हो गए थे। वहीं भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वर्कलोड मैनेजमेंट के लिए बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे हैं। यहां वे स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग पर काम कर रहे हैं।

राणा IPL से बाहर

हर्षित राणा IPL 2026 से पूरी तरीके से बाहर हो गए हैं। इससे पहले राणा चोट की वजह से टी-20 वर्ल्ड कप भी नहीं खेल पाए थे। टीम मैनेजमेंट ने विकल्पों पर चर्चा के बाद सैनी को चुना। इससे पहले KKR आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को भी टीम में शामिल कर चुका है।

सैनी ने 2019 में पहला सीजन खेला

नवदीप सैनी ने IPL करियर की शुरुआत 2019 में RCB के साथ की थी। पहले सीजन में उन्होंने 13 मैच में 11 विकेट लिए थे। इसके बाद वे दो सीजन RCB के साथ रहे और फिर राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए। सैनी ने अब तक IPL में 23 विकेट लिए हैं और भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके हैं।

Related Articles

Latest News