नसीरुद्दीन शाह के जन्मदिन पर बेटे विवान शाह ने शेयर की बचपन की अनदेखी तस्वीर, बोले- 'हैप्पी बर्थडे बाबा'


मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह दशकों से अपनी दमदार अदाकारी और बेहतरीन फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। सोमवार को वह अपना 76वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने शुभकामनाएं दीं, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान उनके बेटे और अभिनेता विवान शाह की पोस्ट ने खींचा।

विवान शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बचपन की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपने पिता नसीरुद्दीन शाह के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर में नसीरुद्दीन शाह सोफे पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि छोटे से विवान उनके पास खड़े हैं। यह तस्वीर पिता और बेटे के बीच के खूबसूरत रिश्ते की झलक दिखाती है। इस तस्वीर के साथ विवान शाह ने लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे बाबा।’

विवान की इस पोस्ट पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

मशहूर फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे नसीर भाई।’

वहीं अभिनेता सिकंदर खेर ने भी नसीरुद्दीन शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

बता दें कि विवान शाह, दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और मशहूर अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह के छोटे बेटे हैं। फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद विवान ने अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। उन्होंने ‘7 खून माफ’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘बॉम्बे वेलवेट’ जैसी फिल्मों में काम किया है। हाल ही में वह फिल्म ‘इक्कीस’ में कैप्टन विजेंद्र मल्होत्रा के किरदार में नजर आए, जहां उनके अभिनय की भी सराहना की गई।

वहीं, अगर नसीरुद्दीन शाह की बात करें तो उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली और सम्मानित अभिनेताओं में गिना जाता है। समानांतर सिनेमा, मुख्यधारा की फिल्मों और थिएटर- तीनों क्षेत्रों में उन्होंने अपनी शानदार अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया है। ‘मासूम’, ‘जाने भी दो यारों’, ‘ए वेडनसडे!’, ‘इकबाल’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और उन्हें कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी मिले।

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News