चेन्नई, 9 मई (आईएएनएस)। मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित निर्देशक तरुण मूर्ति इन दिनों लगातार चर्चा में बने हुए हैं। उनकी फिल्म ‘थुडारम’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया और यह फिल्म बड़ी सफल साबित हुई। फिल्म में सुपरस्टार मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म की सफलता के बाद यह खबरें सामने आने लगी थीं कि अब इसका तेलुगु रीमेक बनाया जा सकता है।
इसी बीच तरुण मूर्ति की तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी से मुलाकात ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया। लोगों को लगने लगा कि शायद दोनों किसी नई फिल्म या ‘थुडारम’ के तेलुगु रीमेक को लेकर बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, अब निर्देशक ने खुद सामने आकर इन खबरों पर सफाई दी है।
तरुण मूर्ति ने इंस्टाग्राम पर चिरंजीवी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने बताया कि उनकी यह मुलाकात ‘थुडारम’ के तेलुगु रीमेक से जुड़ी नहीं थी। उन्होंने कहा, ”चिरंजीवी की टीम की तरफ से मुझे फोन आया था और बताया गया कि अभिनेता मुझसे व्यक्तिगत रूप से मिलना चाहते हैं। यह सुनकर मैं तुरंत उनसे मिलने के लिए रवाना हो गया। इतने बड़े कलाकार की तरफ से बुलावा आना मेरे लिए अपने आप में बहुत बड़ी बात थी।”
उन्होंने अपनी मुलाकात के अनुभव को भी लोगों के साथ साझा किया। तरुण मूर्ति ने कहा, ”उनके घर पर हमने फिल्मों और निजी जिंदगी को लेकर बातचीत की। इस दौरान चिरंजीवी ने मेरी फिल्मों के कई दृश्यों और कहानियों के बारे में विस्तार से बात की। यह देखकर मैं हैरान भी था और खुश भी कि इतने बड़े सुपरस्टार ने मेरी फिल्मों को इतने ध्यान से देखा।”
तरुण मूर्ति ने कहा, ”चिरंजीवी आज भी फिल्मों को उसी उत्साह और दिलचस्पी से देखते हैं, जैसे कोई बच्चा नई चीजों को देखकर खुश होता है। यही बात उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है।”
निर्देशक ने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा, ”जिंदगी कई बार इंसान को ऐसे पल देती है, जिनकी वह कभी कल्पना भी नहीं करता। कई छोटे पल इंसान को बड़े सपने देखने की ताकत देते हैं, लेकिन चिरंजीवी से मुलाकात मेरे लिए कोई छोटा पल नहीं था। यह मेरी जिंदगी के सबसे खास और यादगार अनुभवों में से एक है।”
तरुण मूर्ति अपनी नई फिल्म ‘अथिमनोहरम’ की तैयारी में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में हैं। वह पुलिस अधिकारी टी. एस. लवलेजन के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अभिनेत्री मीरा जैस्मिन भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
–आईएएनएस
पीके/एएस
