मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। सिनेमा में अक्सर परफेक्ट लव स्टोरी दिखाई जाती है। लेकिन, असल जिंदगी इससे बिल्कुल अलग होती है। वास्तव में कोई इतना परफेक्ट नहीं होता है। इसी सच्चाई को फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ में दिखाया गया है।
इस फिल्म के जरिए अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर पर्दे पर साथ में नजर आए थे। फिल्म को वेलेंटाइन वीके के दौरान रिलीज किया गया था। इसे दर्शकों ने खूब सराहा था। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा सकी थी, लेकिन लोगों ने सिद्धांत और मृणाल की जोड़ी को खूब पसंद किया था।
मेकर्स ने बताया कि अब घर बैठे भी फिल्म का आनंद ले सकेंगे क्योंकि इसे ओटीटी पर स्ट्रीम किया जाएगा।
अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया और लिखा, “फिल्म 17 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।”
फिल्म एक आधुनिक रोमांटिक ड्रामा है। यह फिल्म दो ऐसे लोगों की कहानी है, जो यह सिखाती है कि हर वक्त परफेक्ट होना जरूरी नहीं है। फिल्म की कहानी मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह आधुनिक शहर की भागदौड़ में पर्सनल इनसिक्योरिटी (हकलाना, बॉडी इमेज) से जूझते दो लोगों की कहानी है।
शशांक (सिद्धांत चतुर्वेदी) एक कॉरपोरेट पेशेवर है जो बोलने की समस्या (हकलाने) से जूझता है, और रोशनी (मृणाल ठाकुर) अपनी शारीरिक छवि को लेकर असुरक्षित है। दोनों मुंबई के तनावपूर्ण जीवन में एक-दूसरे के सहारे खुद को तलाशते हैं।
फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ का निर्देशन रवि उद्यावर ने किया है। वहीं, संजय लीला भंसाली के साथ प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भरत कुमार मिलकर इसे प्रोड्यूस किया है। मृणाल और सिद्धांत के अलावा, फिल्म में इला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयेशा रजा, संदीपा धर समेत कई कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
