मोतिहारी, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मोतिहारी में पुलिस लंबे समय से फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसको लेकर अब जिला पुलिस फरार अपराधियों के घरों को ध्वस्त करने की भी योजना बना रही है।
दरअसल, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) पुलिस ने महाकुर्की अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में 102 फरार आरोपियों के घर तक पहुंचकर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद फरार अपराधियों में दहशत है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चले इस अभियान के दौरान 28 फरार आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि 14 को गिरफ्तार किया गया है।
मोतिहारी पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दे दिया है कि या तो अपराधी कानून के सामने आत्मसमर्पण करें, वरना उनके सिर से छत का साया छिनना तय है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे जिले के अपराधियों और उनके सिंडिकेट में हड़कंप मचा हुआ है।
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आईएएनएस को बताया कि फरार अपराधी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। वे अपने आप को कानून के हवाले कर दें। उन्होंने बताया कि जिन अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है, उनमें हत्या, रंगदारी, शराब तस्करी, जमीन पर अवैध कब्जा, हथियारों की तस्करी और पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं।
बताया गया कि कोर्ट के आदेश के बाद उन अपराधियों के घरों पर पुलिस पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक, कई अपराधियों के घरों के दरवाजे और खिड़कियां भी पुलिस ने उखाड़ दी हैं। कोटवा, तुरकौलिया, रघुनाथपुर, संग्रामपुर, अरेराज, पताही, शिकारगंज, दरपा और चिरैया समेत करीब 40 थानों में अलग-अलग टीम बनाकर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि अगर इन अपराधियों द्वारा कानून के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया गया तो इनके ऊपर इनाम घोषित किया जाएगा और फिर कोर्ट के आदेश के बाद इनके घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि लंबे समय से ये फरार अपराधी पर अंकुश आवश्यक है क्योंकि ये समाज के लिए खतरा हैं।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस
