Tuesday, February 10, 2026

नोएडा : घायल की मदद कर रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, 2 की मौत, हिरासत में आरोपी चालक


नोएडा, 10 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-62 के पास मेरठ-दिल्ली हाईवे पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भयावह था कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कई लोग कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी की रात्रि को मेरठ की ओर से दिल्ली की तरफ आ रही एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस दुर्घटना में पिकअप चालक अमित वाहन में फंस गया। उसे बचाने के लिए मौके पर मौजूद तीन ट्रक चालकों ने अपने-अपने वाहन सड़क किनारे रोककर पिकअप चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने वहां खड़े लोगों और ट्रक चालकों को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस दूसरे हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए।

पुलिस द्वारा घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देवेंद्र पुत्र कमलेश (उम्र 34 वर्ष, निवासी ढकिया हमीद नगर, जिला शाहजहांपुर) और गोविंद चौहान (उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी फददपुर ऐरावाला बास गांव, जिला आजमगढ़) की मौत हो गई।

वहीं, वीरेंद्र पुत्र अमर सिंह यादव (24 वर्ष), साहिल पुत्र अख्तर अली और हरिओम पुत्र नरेंद्र (35 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एनएचएआई की क्रेन की सहायता से सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया, जिससे यातायात बहाल किया जा सके।

पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एसके


Related Articles

Latest News