न्यूकैसल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। न्यूकैसल यूनाइटेड ने अजाक्स के डच मिडफील्डर सीन स्टूर को साइन करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। 18 वर्षीय खिलाड़ी ने गुरुवार को न्यूकैसल के सेंट जेम्स पार्क में पांच साल के कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किए। हालांकि, प्रीमियर लीग क्लब ने नीदरलैंड्स के अंडर-19 खिलाड़ी के लिए ट्रांसफर फीस का खुलासा नहीं किया।
गोलकीपर इवेन जाउएन और विंगर बाजौमाना टौरे के बाद, स्टूर समर में न्यूकैसल की तीसरी सीनियर साइनिंग हैं। सीन स्टूर इस टीम में ’14 नंबर’ की जर्सी पहनेंगे, जिनके लिए इंग्लैंड की टॉप लीग में खेलने के मौके को ठुकराना नामुमकिन था।
क्लब की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा, “यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह प्रीमियर लीग का एक बहुत बड़ा क्लब है और दुनिया की सबसे अच्छी लीग में खेलना हमेशा से मेरा सपना रहा है, इसलिए यह वाकई रोमांचक है। मैं अजाक्स में घर जैसा महसूस करता था। मैं सात साल की उम्र में वहां शामिल हुआ था और अच्छी यादों के साथ वहां से निकला, लेकिन जब न्यूकैसल जैसा क्लब आपको बुलाता है, तो मना करना बहुत मुश्किल होता है। पिछले कुछ दिन बहुत तेजी से बीते हैं। मैं यहां शामिल होकर बहुत खुश हूं।”
उन्होंने कहा, “मैं ऐसा खिलाड़ी हूं, जिसे बॉल के साथ खेलना और हमेशा फॉरवर्ड खेलना पसंद है। मुझे ‘बिटवीन द लाइन्स’ (डिफेंस और मिडफील्ड के बीच की जगह) खेलना पसंद है। मेरे खेल में बहुत ऊर्जा है। मैं बस जीतना चाहता हूं।”
न्यूकैसल के हेड कोच एडी होवे का मानना है कि इस युवा खिलाड़ी में एक अहम खिलाड़ी बनने की क्षमता है। होवे ने कहा, “हम न्यूकैसल यूनाइटेड में सीन का स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं। वह एक बेहतरीन युवा टैलेंट हैं, जिन्होंने पहले ही चैंपियंस लीग और डच टॉप-फ्लाइट फुटबॉल का अनुभव ले लिया है। हम सीन में असली क्षमता देखते हैं और मानते हैं कि उनमें आने वाले वर्षों में हमारे लिए एक कीमती खिलाड़ी बनने के गुण हैं। सीन हमारी टीम के लिए एक रोमांचक खिलाड़ी साबित होंगे। अजाक्स में उनकी ट्रेनिंग बहुत अच्छी रही है, और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के मामले में उनका ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है।”
साल 2008 में जन्मे स्टूर ने साल 2016 में अजाक्स की मशहूर एकेडमी में शामिल होने से पहले आरकेएवी वोलेंडम से अपने यूथ करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 16 साल की उम्र में जोंग अजाक्स के लिए डेब्यू किया और फिर 2024-25 सीजन के दौरान सीनियर टीम में जगह बनाई।
पिछले सीजन में, इस मिडफील्डर ने सभी प्रतियोगिताओं में 24 मैच खेले, जिनमें यूएएफए चैंपियंस लीग के तीन मैच भी शामिल थे। इस टूर्नामेंट में वे यूरोप की प्रमुख क्लब प्रतियोगिता में असिस्ट करने वाले अजाक्स के अब तक के सबसे युवा खिलाड़ी बने। उन्होंने अब्देलहक नूरी ट्रॉफी भी जीती, जो हर साल अजाक्स के सबसे होनहार एकेडमी खिलाड़ी को दी जाती है।
–आईएएनएस
आरएसजी
