'इमोशनल सपोर्ट' सायली-सचिन के रिश्ते की असली ताकत : नेहा हरसोरा


मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। अभिनत्री नेहा हरसोरा इन दिनों स्टार प्लस पर प्रसारित धारावाहिक ‘उड़ने की आशा’ में नजर आ रही हैं। वह सीरियल में ‘सायली’ का मुख्य किरदार निभा रही हैं। आईएएनएस के साथ खास बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने निजी जीवन की पसंद-नापसंद के बारे में बताया।

धारावाहिक ‘उड़ने की आशा’ में नेहा के ‘सायली’ और सह-कलाकार कंवर ढिल्लन के ‘सचिन’ की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को काफी पसंद किया जा रहा है। आईएएनएस ने अभिनेत्री से पूछा, “सचिन और सायली परिवार की हर मुश्किल का सामना मिलकर करते नजर आते हैं। क्या आपको लगता है कि अब उनका रिश्ता एक भावनात्मक साझेदारी भी बन गया है?”

अभिनेत्री ने कहा, “सच तो यह है कि सचिन और सायली शुरू से ही एक-दूसरे के लिए भावनात्मक रूप से खड़े रहे हैं। हालांकि, उनकी पहली प्राथमिकता हमेशा उनका परिवार ही रहा है। चाहे परिवार के सदस्यों ने उनके साथ कैसा भी बर्ताव क्यों न किया है, सायली और सचिन के लिए उनके माता-पिता और भाई-बहन हमेशा मायने रखते हैं।”

शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल और गर्मी के बीच तालमेल बिठाने पर नेहा कहती हैं, “यह वाकई बहुत मुश्किल है। शहर में विकास कार्यों और फ्लाईओवर्स की वजह से पेड़ों की कटाई हुई है, जिससे गर्मी और बढ़ गई है। काफी बार छांव में खड़े रहना भी मुश्किल हो जाता है। इस गर्मी में बचने का कोई रास्ता नहीं है। बस अपने शरीर में पानी की कमी न होने दें, खूब सारा पानी पिएं और जब भी मुमकिन हो, ठीक से आराम करें।”

गर्मी की छुट्टियों के नाम पर अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें सबसे पहले मां की याद आती है। उन्होंने कहा, “गर्मी का असर अब उनकी भूख पर भी देखने को मिलती है। इस मौसम में लोग जल्दी कमजोरी महसूस करने लगते हैं। ऐसे में बहुत भारी वर्कआउट के बजाय हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और योग शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त है।”

आईएएनएस ने अभिनेत्री से पूछा कि अगर आपको अपने किसी को-स्टार के साथ गर्मियों की एक परफेक्ट छुट्टी प्लान करनी हो, तो आप किसे चुनेंगी और कहां जाएंगी?

अभिनेत्री ने तुरंत अपनी दोस्त रिया का नाम लिया। उन्होंने कहा, “जहां तक जगह की बात है, सच कहूं तो अभी मैं किसी लंबी यात्रा के बारे में सोच भी नहीं पा रही हूं। मुंबई ही मुझे आरामदायक लगता है क्योंकि मुझे रोजाना यहां रहने की आदत हो गई है।”

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Related Articles

Latest News