नशे की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो महिला आरोपी समेत चार गिरफ्तार


नोएडा, 23 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 4 किलो 640 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से की गई।

पहली कार्रवाई थाना फेस-1 पुलिस द्वारा 22 मार्च को की गई, जिसमें राजपाल नामक अभियुक्त को सेक्टर-10 स्थित बिजली घर पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 1 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। अभियुक्त मूलरूप से मुरादाबाद जनपद का रहने वाला है और वर्तमान में निठारी में किराए पर रह रहा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उसका पहले से आबकारी अधिनियम के तहत आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

दूसरी कार्रवाई थाना सेक्टर-20 पुलिस द्वारा की गई, जिसमें विशाल नामक युवक को सेक्टर-29 स्थित गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1 किलो 140 ग्राम गांजा बरामद हुआ। अभियुक्त मूलरूप से अलीगढ़ का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक गतिविधियों में लंबे समय से संलिप्त होने की पुष्टि होती है।

इसके अलावा फेस-1 थाने की पुलिस ने सोमवार को दो महिला तस्करों को भी गिरफ्तार किया। पहली अभियुक्ता नूरी, जो एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, को सेक्टर-8 के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। नूरी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इसी क्रम में दूसरी महिला अभियुक्ता रबीना उर्फ रूबीना को भी सेक्टर-8 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ। रबीना के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराएं शामिल हैं।

नोएडा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News