पटना, 5 जून (आईएएनएस)। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में पर्यावरण संरक्षण, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, बिहार की कानून व्यवस्था और आगामी चुनावों को लेकर अपनी बेबाक राय बात रखी।
विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरण दिवस मना रहा है और भाजपा पूरे बिहार में प्रत्येक बूथ स्तर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण असमय बारिश, असमय गर्मी और मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ऐसे समय में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जलवायु परिवर्तन और वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। बिहार में भी वन क्षेत्र धीरे-धीरे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री का आह्वान है कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां या पूर्वजों के नाम पर एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने का अवसर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 जून को एक नया कीर्तिमान स्थापित करने के संबंध में पूछे जाने पर सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सबसे लंबे समय तक जनप्रतिनिधि और प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले नेताओं में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है और उन्हें 32 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
खान ग्लोबल स्टडी से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों की गिरफ्तारी के मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और उसे किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री लगातार कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं और कानून को चुनौती देने वालों की गिरफ्तारी की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, लालू प्रसाद यादव और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) प्रमुख तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में कमी किए जाने के मुद्दे पर सरावगी ने कहा कि राज्य में एक सुरक्षा समिति है, जो समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करती है और उसी आधार पर निर्णय लिया जाता है। यदि किसी व्यक्ति को विशेष खतरा होता है तो उसकी सुरक्षा बढ़ाई भी जाती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ हुई बैठक, बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव और विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि नितिन नवीन बिहार की मिट्टी से जुड़े नेता हैं और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उनका विशेष ध्यान बिहार पर रहता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश पदाधिकारियों की नई टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन मिला है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरावगी ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और जनता का व्यापक समर्थन पार्टी के साथ है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा चुनाव मैदान में अपना उम्मीदवार उतारेगी और पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान चलाएगी।
–आईएएनएस
पीएसके
