Sunday, February 22, 2026

नामीबिया के राष्ट्रपति हेज गिंगोब का निधन, कैंसर से थे पीड़ित


विंडहोक, 4 फरवरी (आईएएनएस)। नामीबिया के राष्ट्रपति हेज जी. गिंगोब का रविवार तड़के राजधानी विंडहोक के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वह कैंसर से जूझ रहे थे। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति के निधन की घोषणा उनके कार्यालय ने की है।

कार्यवाहक राष्ट्रपति नांगोलो म्बुम्बा ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, ”अत्यंत दुख और अफसोस के साथ मैं आपको सूचित कर रहा हूं कि नामीबिया गणराज्य के राष्ट्रपति, हमारे प्रिय डॉ. हेज जी गिंगोब का निधन हो गया है। उन्होंने रविवार सुबह लेडी पोहाम्बा अस्पताल में अंतिम सांस ली।”

हेज जी. गिंगोब ने 21 मार्च 2015 से नामीबिया के तीसरे राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया था और 2019 में उन्हें अगले पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया था। उन्होंने अन्य प्रमुख मंत्रिस्तरीय और नेतृत्व भूमिकाओं के अलावा, 1990-2002 और 2012-2015 में प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था।

कार्यवाहक राष्ट्रपति ने कहा, “मेडिकल टीम ने राष्ट्रपति को बचाने की पूरी कोशिश की। लेकिन दुख की बात है डॉक्टरों की टीम के प्रयासों के बावजूद राष्ट्रपति गिंगोब का निधन हो गया।”

नामीबिया ने एक प्रतिष्ठित सेवक, मुक्ति संघर्ष के प्रतीक, हमारे संविधान के मुख्य वास्तुकार और नामीबियाई घराने के स्तंभ को खो दिया है।”

उन्होंने देशवासियों को शांत और संयमित रहने का आह्वान किया। जबकि सरकार सभी जरूरी व्यवस्थाओं, तैयारियों और अन्य प्रोटोकॉल पर ध्यान दे रही है।”

–आईएएनएस

एफजेड/एसकेपी


Related Articles

Latest News