Monday, February 23, 2026

'मुझे क्या बना दिया है, अल्लाह माफ करे', मोहम्मद आमिर को ऐसा क्यों कहना पड़ा?


नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। भारत की हार के बाद पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं।

भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच से पहले ही मोहम्मद आमिर ने एक टीवी शो पर कहा था कि भारतीय टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी। हार के बाद टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल मुश्किल हो भी गया है। इसलिए मैच के बाद आमिर जब टीवी शो में पहुंचे तो उन्हें एंकर ने ‘ज्योतिषी’ कहा। आमिर अपने लिए यह संबोधन सुनकर काफी हंसे।

एंकर ने कहा, “जो काम हमारी पाकिस्तानी टीम नहीं कर पा रही है, वह हमारे विशेषज्ञ लाहौर स्टूडियों में बैठकर कर रहे हैं। आमिर आप ज्योतिषी हैं।”

एंकर के बयान के बाद आमिर ने हंसते हुए कहा, “मुझे क्या बना दिया है? अल्लाह माफ करे।”

बता दें कि मोहम्मद आमिर ने सबसे पहले अभिषेक शर्मा को पहले स्लॉगर कहा था और फिर टीम इंडिया के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचने की भविष्यवाणी की थी।

इन दोनों बयानों के बाद मोहम्मद आमिर को सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट फैंस से ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।

ग्रुप स्टेज में अजेय रही भारतीय टीम को सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की यह सबसे बड़ी हार थी। टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट पर 187 रन बनाए थे। भारतीय टीम 111 पर सिमट गई और 76 रनों से हार गई। हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News