मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की अपकमिंग फिल्म ‘डकैत: एक प्रेम कथा’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
फिल्म के रिलीज से पहले फिल्म का हिंदी ट्रेलर लॉन्च रखा गया, जहां मृणाल ने फिल्म में अपने किरदार सरस्वती और असल जिंदगी में हदें पार करने वाले प्यार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी जिंदगी में ऐसा प्यार आने वाला है।
फिल्मों में किरदार के सिलेक्शन पर मृणाल ठाकुर ने कहा कि मेरे लिए सभी किरदार महत्वपूर्ण हैं, जो मैंने अपने करियर में निभाए हैं, लेकिन डकैत में सरस्वती का किरदार मेरे लिए सबसे खास है क्योंकि सरस्वती के किरदार को निभाकर मैंने असल में खुद को मजबूत महसूस किया है। इसके साथ ही अगर फिल्म से सरस्वती को निकाल दें तो फिल्म नहीं चल पाएगी। यही कारण है कि मैंने डकैत के लिए सरस्वती के किरदार को लेकर हामी भरी। मैं उन किरदारों का चुनाव करती हूं, जो फिल्म को आगे ले जाने में मदद करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सरस्वती के किरदार को मैंने निभाया नहीं है बल्कि जिया है। असल में मैंने सरस्वती के किरदार को अपनी जिंदगी में उतारने की कोशिश की है। इसके साथ ही मैं कोशिश करती हूं कि साल में एक फिल्म तेलुगू सिनेमा की करूं क्योंकि यहीं से मेरी शुरुआत हुई थी।
फिल्म में निर्देशक अनुराग कश्यप भी पर्दे पर लंबे समय के बाद वापसी कर रहे हैं। उनसे आज के समय में एक्टर से निर्देशक बनने के सफर के बारे में पूछा गया। निर्देशक ने कहा, यह सब हिंदी सिनेमा में पृथ्वीराज कपूर और राज कपूर साहब के समय से चल रहा है। पहले सभी एक्टिंग के लिए सिनेमा में आए थे लेकिन फिर एक अच्छे निर्देशक के तौर पर उभरे थे।
खुद को लेकर अनुराग कश्यप ने कहा, “जब मैंने शुरुआत के दिनों में एक्टिंग शुरू की थी तो झेली नहीं जा रही थी और तभी अहसास हुआ था कि हमारा पहला प्यार सिर्फ लेखन और डायरेक्शन है। एक्टर से निर्देशक बने लोग एक्टिंग की बारीकियों को समझते हैं क्योंकि उन्होंने खुद पर्दे पर काम किया है, जबकि सीधे डायरेक्टर बनने वाले लोगों में इस चीज की कमी देखी गई है।”
फिल्म डकैत प्यार में हदें पार करने की कहानी है। फिल्म को लेकर मृणाल और अदिवि शेष से उनके प्यार के किस्सों के बारे में पूछा गया तो अदिवि शेष ने बताया कि वो एक लड़की के पीछे कनाडा तक चले गए थे और जेब में उस वक्त ज्यादा पैसे भी नहीं थे, जबकि मृणाल का कहना है कि उनकी जिंदगी में प्यार अभी अपकमिंग है, जो जल्द ही आने वाला है।
–आईएएनएस
पीएस/पीएम
