'जन नायकन' की रिलीज पर टिकी 'मिस्टर भारत' की किस्मत, 24 जुलाई को सिनेमाघरों में आने की तैयारी


चेन्नई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। निर्देशक निरंजन की आगामी फिल्म ‘मिस्टर भारत’ को लेकर नया अपडेट सामने आया है। अभिनेता भारत की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म को अब 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज करने पर विचार किया जा रहा है।

हालांकि, फिल्म की अंतिम रिलीज तारीख सुपरस्टार विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज पर निर्भर करेगी।

फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”यह सच है कि हम 24 जुलाई को फिल्म रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं। यह ‘जन नायकन’ की रिलीज पर निर्भर करेगा। अगर ‘जन नायकन’ 24 जुलाई को रिलीज होती है, तो हम अपनी फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ा देंगे। अगर ऐसा नहीं होता है, तो हम 24 जुलाई को ही ‘मिस्टर भारत’ को रिलीज करने पर विचार करेंगे।”

‘मिस्टर भारत’ एक रोमांटिक और हास्य से भरपूर फिल्म है, जिसकी कहानी एक आम युवक मिस्टर भारत के इर्द-गिर्द घूमती है। बता दें कि भारत और निरंजन दोनों ही लोकप्रिय यूट्यूब कंटेंट निर्माता हैं और ‘मिस्टर भारत’ उनकी पहली फीचर फिल्म है। इसकी शूटिंग पिछले साल जुलाई में पूरी हुई थी।

शूटिंग पूरी होने पर निर्माता सुधन सुंदरम ने पूरी टीम की तारीफ करते हुए कहा था, ”टीम भले ही नई हो, लेकिन उनकी सोच और काम के प्रति समर्पण काबिले तारीफ है। बतौर निर्माता मुझे शुरुआत में लग रहा था कि क्या नई टीम बड़े स्तर की फिल्म की जिम्मेदारी संभाल पाएगी, लेकिन निरंजन और उनकी टीम ने हमें पूरी तरह चौंका दिया।”

उनके मुताबिक, ”कहानी से लेकर शूटिंग तक हर काम बेहद पेशेवर तरीके से और तय समय पर पूरा किया गया। हमें टीम के साथ काम करके खुशी हुई और अब हम दर्शकों के सामने एक शानदार मनोरंजक फिल्म पेश करने का इंतजार कर रहे हैं।”

फिल्म का निर्देशन लोकेश कनकराज ने किया हैं। इसका निर्माण सुधन सुंदरम, लोकेश कनकराज और जगदीश पलानीसामी ने पैशन स्टूडियोज, जी स्क्वाड और द रूट के बैनर तले किया है। फिल्म अब रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है।

फिल्म में भारत के अलावा संयुक्ता विश्वनाथन, बाला सरवनन, निधि प्रदीप, आर. सुंदर राजन और लिंगा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Related Articles

Latest News