Tuesday, February 24, 2026

इजरायली हमलों के कारण 25,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए : गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय


नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि पिछले अक्टूबर में युद्ध शुरू होने के बाद से इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या 25,000 से ज्यादा हो गई है।

मंत्रालय ने कहा कि 7 अक्टूबर से अब तक इजरायली हमलों में 25,105 फिलिस्तीनी, जिनमें से कई महिलाएं और बच्चे हैं, मारे गए हैं और 62,681 घायल हुए हैं।

मंत्रालय ने कहा, ”सोमवार को बीते 24 घंटों में 178 फिलिस्तीनी मारे गए, जो युद्ध के अब तक के सबसे घातक दिनों में से एक है। इजरायल की सेना ने कहा कि लड़ाई में एक सैनिक भी मारा गया।”

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर में जबालिया से लेकर दक्षिण में खान यूनिस तक, जो हाल के इजरायली अभियानों का केंद्र बिंदु है, कई स्थानों पर इजरायली सेना और हमास लड़ाकों के बीच झड़प हुई।

रिपोर्ट में कहा गया है, “इजरायली विमानों ने गाजा पट्टी के दक्षिण में खान यूनिस पर भारी बमबारी शुरू कर दी और पूरे शहर में विस्फोटों की गूंज सुनाई दी।”

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि रात होते ही हवाई हमले में एक फिलिस्तीनी मारा गया और सात घायल हो गए।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को गाजा में फिलिस्तीनी नागरिकों की “दिल दहला देने वाली” मौतों के लिए इजरायल की निंदा की।

गुटेरेस ने कहा, “मेरे महासचिव रहने के दौरान इजरायल के सैन्य अभियानों ने बड़े पैमाने पर तबाही फैलायी और अभूतपूर्व पैमाने पर नागरिकों को मार डाला।”

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Related Articles

Latest News