मुंबई, 10 अगस्त (आईएएनएस)। प्यार, रिश्तों, धोखे और गलतफहमियों के बीच उलझी कहानी ‘लव टू हेट यू: चैप्टर 2’ में अभिनेत्री मोनालिसा एक अलग और चुनौतीपूर्ण अंदाज में नजर आने वाली हैं। शो में उनका किरदार कई तरह की भावनाओं और परिस्थितियों से गुजरता है। यही वजह है कि अभिनेत्री के लिए यह किरदार बेहद खास है।
मोनालिसा का कहना है कि किसी कलाकार के लिए ऐसे किरदार निभाना ज्यादा दिलचस्प होता है, जिनमें भावनाओं के कई रंग देखने को मिलें।
मोनालिसा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा उनके किरदार की जटिलता पसंद आई। उन्होंने कहा, ”मुझे इस शो के बारे में जो चीज सबसे ज्यादा पसंद आई, वह यह थी कि मेरा किरदार सरल नहीं है। वह कई तरह की भावनाओं और परिस्थितियों से गुजरता है। मुझे ऐसे किरदार निभाना पसंद है, जिनमें अलग-अलग रंग दिखाने का मौका मिले।”
मोनालिसा ने आगे कहा, ”कहानी में प्यार, धोखा, दर्द और कई ऐसे मोड़ हैं, जो दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखते हैं। जब मैंने पूरी कहानी पढ़ी तो मुझे लगा कि इसमें बतौर कलाकार खुद को अलग तरीके से पेश करने का मौका है। मैं इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित थी।”
अभिनेत्री ने बताया, ”जब आप कोई भावनात्मक किरदार निभा रहे होते हैं, तो आपको समझना पड़ता है कि वह व्यक्ति क्या महसूस कर रहा है। कभी किरदार गुस्से में होता है, कभी दुखी, कभी उलझन में। मैंने यह समझने की कोशिश की कि मेरा किरदार किसी खास स्थिति में उस तरह प्रतिक्रिया क्यों दे रही है।”
उन्होंने कहा, ”मैंने अपने किरदार की भावनाओं को बहुत स्वाभाविक रखने की कोशिश की है। मेरा मानना है कि अगर किसी सीन में भावनाएं जबरदस्ती दिखाई जाएं तो वह दर्शकों से जुड़ नहीं पातीं। कलाकार जितना ज्यादा अपने किरदार को समझता है, उसके लिए भावनात्मक दृश्यों को निभाना उतना ही आसान हो जाता है। मेरे लिए भी किरदार की सोच और उसकी प्रतिक्रिया को समझना इस भूमिका की तैयारी का अहम हिस्सा रहा।”
मोनालिसा ने कहा, ”शो की कहानी में परिवार से जुड़े मुद्दे हैं, राज हैं और गलतफहमियां हैं। एक कलाकार के तौर पर आपको यह याद रखना होता है कि आपके किरदार को क्या पता है और क्या नहीं पता। कई बार आप एक भावना के साथ कोई सीन कर रहे होते हैं, लेकिन अंदर से आपको पता होता है कि कुछ और भी चल रहा है। यही चीज इसे दिलचस्प होने के साथ-साथ मुश्किल भी बनाती है।”
उन्होंने कहा, ”कहानी में कुछ ऐसे पल थे, जब मैंने सोचा कि क्या वाकई ऐसा होने वाला है? मैं इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताना चाहती, क्योंकि इससे दर्शकों का मजा खराब हो जाएगा। कहानी में ऐसे कई पल जरूर हैं, जो लोगों को रुककर सोचने पर मजबूर करेंगे। मैं स्क्रिप्ट पढ़ते समय भी जानना चाहती थी कि आगे क्या होने वाला है।”
अभिनेत्री ने कहा, ”मुझे लगता है कि हर किसी ने ऐसी परिस्थितियों का सामना किया है, जहां उन्होंने किसी पर भरोसा किया और बाद में उन्हें दुख या उलझन महसूस हुई। कई बार हमें पूरी सच्चाई पता नहीं होती और हम वही देखकर प्रतिक्रिया देते हैं, जो हमारे सामने होता है। मेरा किरदार भी ऐसी ही भावनाओं से गुजरता है। मुझे लगता है कि लोग उसके इस पक्ष को समझ पाएंगे, क्योंकि रिश्ते कभी भी पूरी तरह परफेक्ट नहीं होते।”
‘लव टू हेट यू: चैप्टर 2’ में हर्ष राजपूत और नियति फतनानी फिर से अमन और रिया के किरदारों में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा शो में अभिमन्यु तोमर और संजना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
