विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण,15 दिन में स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर होगा फैजुल्लागंज का अस्पताल

फैजुल्लागंज क्षेत्र में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 50 बेड संयुक्त चिकित्सालय का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। शनिवार को विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह के साथ अस्पताल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अगले 15 दिनों में अस्पताल का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर इसे स्वास्थ्य विभाग को सौंपा जाए।

वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि अस्पताल को एक माह के भीतर आवश्यक फर्नीचर, उपकरण एवं अन्य संसाधनों से पूर्ण रूप से सुसज्जित करें। विधायक ने अस्पताल के भूतल पर ओपीडी, ऊपरी तल पर प्रस्तावित जांच लैब, मरीज वार्ड और लिफ्ट निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

इसके साथ ही पास स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया। जहां कुछ आवश्यक संसाधनों की कमी पाई गई, जिसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैंप पर वॉशेबल पेंट कराने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान एनएबीएच और सीएसएसडी मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।

ऑपरेशन थिएटर में हैंगिंग लाइट की व्यवस्था, तकनीकी खामियों के सुधार और सोलर पैनल इंस्टॉलेशन को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
इस संबंध में विधायक ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र लिखकर अस्पताल निर्माण कार्य की समीक्षा कराने और इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया है।

Related Articles

Latest News