मिजोरम पुलिस बनी बैडमिंटन चैंपियन, टेबल टेनिस में यूपी पुलिस का दबदबा,ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस चैंपियनशिप

द्वितीय ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन और टेबल टेनिस चैंपियनशिप में मिजोरम पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन ओवरऑल चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के महिला और पुरुष खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 13 मई तक लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस की देखरेख में किया गया, जिसमें देशभर की 40 से अधिक पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की टीमों के करीब 1400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।चैंपियनशिप में सीआरपीएफ दूसरे स्थान पर रही, जबकि सीआईएसएफ ने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। सीआईएसएफ ने कुल 13 पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया, जिसमें पांच स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्य पदक शामिल रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार हैं।

अपर निदेशक एसआईबी विनीता शर्मा ने कहा कि खेल पुलिस बलों के लिए मानसिक और शारीरिक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। टेबल टेनिस पुरुष एकल में असम पुलिस के बारडी बोरा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस के सुभ्रत राज वर्मा को रजत पदक मिला। बैडमिंटन पुरुष एकल में सीआरपीएफ के भरत राघव ने स्वर्ण और यूपी पुलिस के राजन यादव ने रजत पदक अपने नाम किया। महिला बैडमिंटन एकल में सीआईएसएफ की आशी रावत ने स्वर्ण पदक जीता। टेबल टेनिस पुरुष और महिला चैंपियंस ट्रॉफी दोनों में उत्तर प्रदेश पुलिस ने पहला स्थान हासिल कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की।

समापन समारोह में पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम बिनोद कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश आशुतोष राय, सचिव खेल एवं युवा कल्याण सुहास एलवाई, उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव डॉ. प्रीतिंदर सिंह, डीआईजी किरीट राठौड़ और आईजी अतुल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे

Related Articles

Latest News