मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने बनाया रिकॉर्ड, वित्त वर्ष 2026 में की 19,363 यूनिट्स की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री


नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने गुरुवार को बताया कि उसने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 19,363 यूनिट्स की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की है, जो पिछले वित्त वर्ष के 18,928 यूनिट्स के मुकाबले 2.29 प्रतिशत अधिक है। इस वृद्धि के पीछे टॉप-एंड और कोर लग्जरी सेगमेंट की मजबूत मांग रही।

कंपनी ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में भी 7.45 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की, जिसमें 5,131 यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 4,775 यूनिट्स बिके थे।

जर्मन लग्जरी कार निर्माता कंपनी ने कहा कि उसकी बेहतर प्रदर्शन की वजह मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, नेटवर्क अपग्रेड और बेहतर ग्राहक अनुभव रहा।

कंपनी के उच्च श्रेणी के लग्जरी सेगमेंट में सबसे ज्यादा वृद्धि देखी गई, जिसमें वित्त वर्ष 2025-26 में 16 प्रतिशत और मार्च तिमाही में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसमें एस-क्लास, मर्सिडीज-मेबैक रेंज, ईक्यूएस एसयूवी और एएमजी जैसे मॉडल शामिल हैं।

खास बात यह है कि इस सेगमेंट का कंपनी की कुल बिक्री में 27 प्रतिशत योगदान रहा। इन मॉडलों के लिए फिलहाल 4 महीने से लेकर 1 साल तक का वेटिंग पीरियड चल रहा है, खासकर एएमजी जी 63 जैसे मॉडल के लिए।

कंपनी का ‘कोर’ सेगमेंट, जिसमें सी-क्लास, ई-क्लास एलडब्ल्यूबी सेडान और जीएलसी व जीएलई एसयूवी शामिल हैं, ने भी बिक्री में अहम योगदान दिया।

लॉन्ग-व्हीलबेस ई-क्लास भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली लग्जरी कार बनी रही, और इसकी मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।

हालांकि, एंट्री लग्जरी सेगमेंट में 18 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली, जिसका कारण कम कीमत वाले विकल्पों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बाजार में मिलने वाले ऑफर्स रहे।

कंपनी ने कहा कि वह वॉल्यूम बढ़ाने की बजाय ब्रांड की लंबी अवधि की रणनीति के अनुसार फीचर-रिच प्रोडक्ट्स पर ध्यान दे रही है।

इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है, और वित्त वर्ष 2025-26 में बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों का टॉप-एंड लग्जरी सेगमेंट में 20 प्रतिशत योगदान रहा। 1.4 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत वाले इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 85 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसमें ईक्यूएस एसयूवी और ईक्यूएस मेबैक एसयूवी जैसे मॉडल शामिल हैं।

मर्सिडीज-बेंज इंडिया 24 अप्रैल को सीएलए इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्च करने जा रही है, जो देश में उसकी नई सॉफ्टवेयर-डिफाइंड गाड़ियों की शुरुआत होगी।

नेटवर्क विस्तार की बात करें तो कंपनी 2026 में ‘गो टू कस्टमर’ रणनीति के तहत 20 से ज्यादा नए लग्जरी आउटलेट खोलने की योजना बना रही है। इसके तहत विशाखापत्तनम और वाराणसी जैसे नए बाजारों में प्रवेश किया जाएगा, जबकि बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, पुणे और गोवा जैसे मौजूदा बाजारों में उपस्थिति और मजबूत की जाएगी।

इस विस्तार के लिए अगले दो वर्षों में फ्रेंचाइजी पार्टनर्स द्वारा 450 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश किया जाएगा, जिसमें बेहतर सुविधाओं और नई तकनीकों के जरिए ग्राहक अनुभव को और बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।

–आईएएनएस

डीबीपी


Related Articles

Latest News