Sunday, February 22, 2026

पीएम मोदी के जनसभा स्थल पर पहुंचे लोग बोले, मेरठ को मिला नायाब तोहफा, दिल्ली आना-जाना हुआ आसान


मेरठ, 22 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के मेरठ के दौरे पर रविवार को पहुंचे। दोपहर में प्रधानमंत्री ने शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद प्रधानमंत्री ने मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

पीएम मोदी के दौरे से पहले ही बड़ी संख्या में लोग जनसभा स्थल पर पहुंच गए थे। कार्यक्रम स्थल पर आए लोगों ने आईएएनएस से बातचीत की। जनसभा स्थल पर उपस्थित एक व्यक्ति ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मेरठ को एक बड़ी सौगात दी जा रही है। रैपिड रेल से सिर्फ मेरठ ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी क्षेत्र को फायदा होगा। मुजफ्फरनगर, शामली और हरिद्वार तक के लोगों को फायदा मिलेगा। आज दिल्ली से मेरठ दूर नहीं है। पहले दिल्ली से मेरठ आना बहुत कठिन था। पहले सड़क से 4 घंटे आने में लगते थे, जो अब 50 मिनट हो गया है।

आरएलडी कार्यकर्ता का कहना है, “यह एक ऐतिहासिक घटना है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद। पहले मेरठ से दिल्ली आने-जाने में कई घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ता था, उससे अब मुक्ति मिल गई है।”

प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि नमो भारत प्रोजेक्ट से दिल्ली एनसीआर और मेरठ कनेक्ट हो जाएंगे। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मेरठ एक साथ जुड़ जाएंगे। इससे विकास की रफ्तार तेज हो जाएगी। गांव और शहर दोनों में उन्नति होगी।”

जनसभा स्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेरठ को नायाब तोहफा दिया है। भारत की पहली हाईस्पीड ट्रेन को शुरू किया गया है। इस ट्रेन से मेरठ और दिल्ली की दूरी कम हो जाएगी।

जनसभा स्थल पर मौजूद एक महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के लिए बहुत अच्छे कार्य कर रहे हैं। आज मेट्रो का शुभारंभ होगा, जिससे छात्रों को बहुत फायदा मिलेगा। अब इलाज और पढ़ाई के लिए दिल्ली कम पैसे में जल्दी पहुंचा जा सकेगा।

–आईएएनएस

ओमप्रकाश/एबीएम


Related Articles

Latest News