ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं 'मास्टरशेफ इंडिया' की विजेता पंकज भदौरिया, अब शुरू होगी कीमोथेरेपी


मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। मशहूर सेलिब्रिटी शेफ और ‘मास्टरशेफ इंडिया’ की पहली विजेता पंकज भदौरिया इस समय कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। उन्होंने अपने इलाज को लेकर एक नया अपडेट फैंस के साथ साझा किया है। उन्होंने बताया है कि उन्हें 12 सेशन की कीमोथेरेपी और एक साल तक टारगेटेड थेरेपी से गुजरना होगा।

पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए यह जानकारी दी, जिसमें उन्होंने अपने इलाज की पूरी स्थिति को खुलकर बताया। उन्होंने कहा, ”29 मई को मैंने ब्रेस्ट कैंसर की सर्जरी करवाई थी और वह ऑपरेशन सफल रहा था। शुरुआत में डॉक्टरों ने मुझे बताया था कि चार हफ्ते के आराम के बाद मैं फिर से काम पर वापस जा सकूंगी। लेकिन बाद में आई डिटेल्ड बायोप्सी रिपोर्ट ने इलाज का तरीका ही बदल दिया।”

पंकज भदौरिया ने बताया, “रिपोर्ट में एचईआर-2 पॉजिटिव पाया गया। इस मेडिकल कंडीशन में अब मुझे 12 सेशन की कीमोथेरेपी और एक साल की टारगेटेड थेरेपी से गुजरना होगा। जब मुझे कीमोथेरेपी के बारे में पता चला, तो मैं मानसिक रूप से थोड़ी डर गई थी।”

पंकज भदौरिया ने कहा, “कीमोथेरेपी’ शब्द सुनना आसान नहीं होता, लेकिन अब मैंने खुद को मानसिक रूप से तैयार कर लिया है और इस पूरी प्रक्रिया को सकारात्मक सोच के साथ अपनाने का फैसला लिया है। मैं इस स्थिति से एक-एक दिन करके निपटती जाऊंगी। मेरा हौसला टूटने वाला नहीं है। मैं लोगों से मिले प्यार और समर्थन के लिए आभारी हूं।”

बता दें कि पंकज ने 28 मई को पहली बार अपने कैंसर डायग्नोसिस के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने अस्पताल से एक तस्वीर साझा करते हुए बताया था कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर है और लोगों से प्रार्थना और समर्थन की अपील की थी।

पंकज भदौरिया ने साल 2010 में ‘मास्टरशेफ इंडिया’ का पहला सीजन जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। इसके बाद वह एक सेलिब्रिटी शेफ के रूप में लोकप्रिय हो गईं। शेफ बनने से पहले वह लगभग 16 साल तक एक इंग्लिश टीचर के रूप में काम कर चुकी हैं।

–आईएएनएस

पीके/पीएम


Related Articles

Latest News