इरशाद कामिल के होमटाउन में शूट हुआ 'मस्कारा' सॉन्ग, इम्तियाज अली बोले- 'यह पल मेरे लिए बेहद भावुक था'


मुंबई, 28 मई (आईएएनएस)। डायरेक्टर इम्तियाज अली इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने आईएएनएस से कई दिलचस्प बातें साझा कीं। खास तौर पर उन्होंने फिल्म के गाने ‘मस्कारा’ की शूटिंग को लेकर एक मजेदार किस्सा बताया। उन्होंने बताया कि इस गाने की शूटिंग पंजाब के मलेरकोटला शहर में की गई, जो मशहूर गीतकार इरशाद कामिल का होमटाउन है।

आईएएनएस से बात करते हुए इम्तियाज अली ने कहा, ”मलेरकोटला बेहद खूबसूरत लोकेशन है। इससे एक गहरी भावनात्मक याद भी है। यह वही शहर है, जहां से इरशाद कामिल ने अपने सपनों की शुरुआत की थी।”

इम्तियाज अली ने कहा, ”मेरे लिए यह एक अनोखा अनुभव था, क्योंकि मैं पहली बार इरशाद कामिल के लिखे गाने की शूटिंग उनके होमटाउन में कर रहा था। इस बात ने मुझे अंदर से काफी भावुक कर दिया। मैंने इरशाद को उस समय से देखा है, जब वह फिल्म इंडस्ट्री में अपने कदम जमा रहे थे। मेरी पहली फिल्म और इरशाद की पहली फिल्म लगभग एक ही समय में आई थी, इसलिए हमारे सफर में एक खास जुड़ाव हमेशा रहा है।”

निर्देशक ने उस खास पल को याद करते हुए कहा, ”मलेरकोटला में शूटिंग के दौरान मेरे मन में यह बात आई कि कभी इस छोटे शहर का एक लड़का रोजगार और पहचान की तलाश में मुंबई गया था, और आज उसी के लिखे गाने पर फिल्म बनाने के लिए मुंबई से करीब 200 लोग उनके शहर पहुंचे हैं। यह पल वाकई अलग, भावुक और अविश्वसनीय था।”

इम्तियाज अली ने लोकेशन के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, ”जब मेरी टीम पहली बार वहां पहुंची थी, तब वह जगह इतनी शानदार नहीं लग रही थी। मौसम बदलने के साथ उस जगह का पूरा रूप बदल गया। शुरुआत में वहां फूल और हरियाली नहीं थी, लेकिन बाद में मौसम के कारण वहां का नजारा पूरी तरह बदल गया और लोकेशन स्क्रीन पर बेहद खूबसूरत नजर आने लगा। कई बार किसी जगह की असली खूबसूरती समय और मौसम के साथ सामने आती है।”

फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की कहानी भारत के विभाजन से पहले के पंजाब पर आधारित है। यह दो प्रेमियों की कहानी है, जिसमें पुराने पंजाब की संस्कृति, भावनाएं और उस दौर का माहौल दिखाया जाएगा। फिल्म में पंजाब की पुरानी इमारतों और ऐतिहासिक खंडहरों को भी खास तौर पर शामिल किया गया है ताकि दर्शकों को उस समय का वास्तविक अनुभव महसूस हो सके।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Related Articles

Latest News