मार्क कार्नी के भारत दौरे पर बोले सांसद प्रमोद तिवारी, कनाडा में भारतीयों की सुरक्षा की जताई उम्मीद


नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 4 दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे हैं। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि हम उनका स्वागत करते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वे कनाडा में रहने वाले भारतीयों को सुरक्षा और स्वतंत्रता देंगे।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का गर्मजोशी से स्वागत है। भारत और कनाडा के बीच लंबे समय से मजबूत रिश्ते रहे हैं, जिन्हें इंदिरा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह जैसे नेताओं ने सालों से और मजबूत किया है।

उन्होंने कहा, जब से देश की सत्ता में भाजपा आई है, कनाडा में हमारे अप्रवासी भारतीय असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन पर हमले हो रहे हैं। वहां आतंकवाद को पनाह दी जा रही है। मुझे उम्मीद है कि पीएम मोदी और कनाडा के पीएम के बीच जो बातचीत होगी, उससे आतंकवाद पर दृढ़ता दिखाई देगी। कनाडा के पीएम से उम्मीद करते हैं कि वह भारत के लोगों को पूर्ण सुरक्षा और स्वतंत्रता देंगे।

इंडियन यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब को एआई समिट प्रोटेस्ट केस में बेल मिलने पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सच्चाई और न्याय की जीत हुई है। हमें भरोसा था कि इंडियन यूथ कांग्रेस के नेताओं, जिन्हें झूठे केस में फंसाया गया था, बेल मिल जाएगी। मैं इसका स्वागत करता हूं। भाजपा अपनी तानाशाही और स्वतंत्रता में अभिव्यक्ति के अधिकार का हनन कर रही थी, यह बेल उस पर करारा जवाब है।

दिल्ली कोर्ट द्वारा एक्साइज पॉलिसी केस में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बरी किए जाने पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि ‘गुजरात और पंजाब में चुनाव आ रहे हैं, इसलिए उन्हें फ्री होना चाहिए। मैं बस इतना कह सकता हूं। भारतीय जनता पार्टी अपने रिसोर्स और लोगों का इस्तेमाल यह तय करने के लिए करती है कि कब, कहां और किसके लिए क्या रुख अपनाना है। इस पर हमारे नेता पवन खेड़ा की तरफ से एक डिटेल्ड बयान पहले ही जारी किया जा चुका है और मैं इसका स्वागत करता हूं।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी


Related Articles

Latest News