'धुरंधर' की सफलता पर बोले मानव गोहिल, यह सिनेमा में एक नए दौर की शुरुआत


मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता मानव गोहिल इन दिनों हालिया रिलीज स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर सुर्खियों में छाए हैं। फिल्म में उन्होंने आर. माधवन के भरोसेमंद सहयोगी और इंटेलिजेंस ब्यूरो के उप निदेशक का किरदार निभाया था। उनका किरदार बेहद समझदार, शांत और रणनीतिक है, जो पूरी फिल्म की कहानी को मजबूत बनाता है।

अभिनेता मानव गोहिल ने हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने फिल्म को लेकर मिल रही सराहना को लेकर कहा कि धुरंधर ने सिनेमा में एक क्रांति ला दी है और यह एक नए दौर की शुरुआत की तरह है।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि अब समय बदल रहा है। ‘धुरंधर’ सिनेमा के ज्यादा ग्लोबल और विकसित रूप को दिखाता है। आज के दर्शक ज्यादा जागरूक हैं और वे सिर्फ मुनाफे के लिए बनाई गई फिल्मों को पसंद नहीं करते। ऐसी सार्थक और सच्ची फिल्में बनाना जरूरी है जो दर्शकों का मनोरंजन भी करें।”

उन्होंने कहा, “आज के समय में कोई शॉर्टकट या फिर कोई दिखावा नहीं चलता है। मेरा मानना है कि यह फिल्ममेकिंग के एक नए दौर की शुरुआत हो सकती है और मुझे पूरी उम्मीद है कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।”

उन्होंने टेलीविजन में घंटों काम करने को लेकर कहा, “टीवी के फॉर्मेट की मांग होती है कि कम समय में ज्यादा से ज्यादा कंटेंट तैयार किया जाए। यह कुछ-कुछ धूप में क्रिकेट खेलने जैसा है। अगर आप यह खेल खेलना चाहते हैं तो इससे बच नहीं सकते। अगर लीड एक्टर अपना पूरा समय नहीं देता तो शूटिंग करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए लंबे काम के घंटे इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं।”

अभिनेता ने बातचीत में अपने आगामी प्रोजेक्ट की भी बात की। उन्होंने कहा, “मैं अपने सभी फैंस का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा कि उन्होंने इतने सालों तक मुझे लगातार अपना प्यार और साथ दिया। अब जल्द ही मेरा शो आने वाला है, मैंने अपनी एक रीजनल फिल्म भी पूरी कर ली है और एक बड़े प्रोजेक्ट की शूटिंग भी शुरू कर दी है।”

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Related Articles

Latest News