पटना, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने देश के राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। संजय सरावगी ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मंशा किसी भी हालत में पूरी नहीं होने वाली है।
उन्होंने आईएएनएस से कहा कि ममता बनर्जी चाहती हैं कि बांग्लादेशी, रोहिंग्या, मृत व्यक्ति, स्थायी रूप से शिफ्ट हो चुके लोग या जिनके नाम दोहरी प्रविष्टियों में हैं, ऐसे लोगों के जरिए फर्जी मतदान कराया जाए। लेकिन यह साजिश कभी सफल नहीं होगी।
सरावगी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी साफ शब्दों में कह दिया है कि एसआईआर प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसआईआर देश के लिए आवश्यक है और पूरे देश में यह प्रक्रिया लागू है। बड़े स्तर पर एसआईआर इसलिए हो रहा है ताकि गलत तरीके से दर्ज नाम हटाए जा सकें और लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए पश्चिम बंगाल के संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं, फिर भी ममता बनर्जी चाहती हैं कि ऐसे तत्वों को मतदान का अधिकार मिले। सुप्रीम कोर्ट इस मुद्दे पर पूरी तरह स्पष्ट है और किसी भी प्रकार की रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बिहार दौरे को लेकर भी संजय सरावगी ने खुशी जताई। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपनी ही मिट्टी पर पहला आगमन है। इस दौरे से भाजपा कार्यकर्ताओं और खासकर राजनीति में रुचि रखने वाले युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। सोमवार को भव्य स्वागत किया गया और बापू सभागार में पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी हुई। यह दो दिवसीय दौरा भाजपा को संगठनात्मक रूप से मजबूत करेगा और बिहार के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
विधानसभा में कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों पर बोलते हुए संजय सरावगी ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी और राजद नेताओं को अपराध पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उनके शासनकाल में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिलता था। हाल ही में एक बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। रात में ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी। एनडीए सरकार में अपराध और अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने के विपक्षी प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष यह कदम इसलिए उठा रहा है क्योंकि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। ओम बिरला लोकतांत्रिक तरीके से लोकसभा का संचालन कर रहे हैं। विपक्ष ने पहली बार संसदीय इतिहास में प्रधानमंत्री की सीट तक पहुंचकर कार्यवाही बाधित की, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। विपक्ष के पास बहुमत है क्या? जनता सब समझ रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान ‘बंटोगे तो काटने के रास्ते खुल जाएंगे’ पर संजय सरावगी ने सहमति जताते हुए कहा कि यह बिल्कुल सही बात है। देश और समाज को एकजुट रहना होगा, तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा।
–आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम
