Saturday, February 14, 2026

मालेगांव महानगरपालिका में टीपू सुल्तान की तस्वीर पर विवाद: आचार्य तुषार भोसले ने दी चेतावनी


मालेगांव, 14 फरवरी (आईएएनएस)। मालेगांव महानगरपालिका के मेयर कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगे होने पर विवाद तेज हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी की आध्यात्मिक समन्वय आघाड़ी के प्रमुख आचार्य तुषार भोसले ने नगर पालिका को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर टीपू सुल्तान का फोटो नहीं हटाया गया तो हिंदू समाज के साथ मिलकर वे खुद इसे हटाने का आंदोलन शुरू करेंगे।

आचार्य भोसले ने बताया कि महानगरपालिका एक सार्वजनिक प्रशासनिक संस्था है। यहां ऐसे व्यक्तियों के चित्र लगने चाहिए जो पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हों। उन्होंने टीपू सुल्तान के इतिहास को विवादास्पद बताते हुए कहा कि उनके नाम और चित्र से समाज के एक बड़े वर्ग में गहरा असंतोष है। यह तस्वीर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा पैदा कर सकती है।

उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। यदि फोटो नहीं हटाया गया तो भाजपा आध्यात्मिक आघाड़ी के कार्यकर्ता और हिंदू समाज के लोग लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे। आचार्य भोसले ने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे चित्र नहीं होने चाहिए जो किसी समुदाय की भावनाओं को आहत करें।

वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि टीपू सुल्तान को कुछ लोग योद्धा मानते हैं, जबकि कुछ उनके कुछ फैसलों से असहमत हैं। आचार्य भोसले की चेतावनी के बाद महानगरपालिका प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। फिलहाल नगर पालिका की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मुद्दों पर संवाद और समझदारी से ही समाधान निकल सकता है, ताकि सामाजिक सद्भाव बना रहे। स्थिति पर सभी की नजर टिकी हुई है कि अगले 24 घंटे में क्या होता है।

–आईएएनएस

एमएस/


Related Articles

Latest News