प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए मुख्य चयन परीक्षा तीन जून से शुरू होगी। कक्षा छह, नौ और 11 में संभावित 518 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित प्रारंभिक चयन परीक्षा में 2603 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।अब जारी की जा रही मेरिट सूची के आधार पर चयनित खिलाड़ी मुख्य चयन परीक्षा में शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेज सोसाइटी के अधीन संचालित कालेजों की मुख्य चयन परीक्षा के तहत तीन और चार जून को एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वालीबॉल, कबड्डी, तैराकी, भारोत्तोलन, हैंडबाल, बॉक्सिंग और बैडमिंटन के ट्रायल होंगे।
हॉकी, वालीबॉल और बैडमिंटन में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों, जबकि अन्य में सिर्फ बालक वर्ग के खिलाड़ी ही शामिल होंगे। एथलेटिक्स, फुटबॉल के ट्रायलॉ सैफई, भारोत्तोलन, हैंडबॉल, बॉक्सिंग और बैडमिंटन के ट्रायल केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होंगे।
पांच और छह जून को क्रिकेट, जिम्नास्टिक्स, कुश्ती और जूडो के ट्रायल होंगे। क्रिकेट के ट्रायल स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ में आयोजित किए जाएंगे। जिम्नास्टिक्स, कुश्ती और जूडो के ट्रायल स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में होंगे।
