मुंबई, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। मेहनत और लगन से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने वाले महेश भट्ट के भांजे ने इंडस्ट्री को कई खास फिल्में दी हैं। उनकी लिस्ट में ‘जहर’ से लेकर ‘सैयारा’ तक जैसी फिल्मों का नाम है, जिनका उन्होंने निर्देशन किया। जी हां! हम बात कर रहे हैं निर्माता-निर्देशक मोहित सूरी की।
निर्देशक मोहित सूरी का 11 अप्रैल को जन्मदिन है। महेश भट्ट के भांजे मोहित ने 16 साल की छोटी उम्र में ही संघर्ष शुरू कर दिया था, और आज वह फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित नामों में शामिल हैं। ‘जहर’ से करियर की शुरुआत करने वाले मोहित सूरी ने ‘आशिकी 2’, ‘एक विलेन’, और हालिया रिलीज ‘सैयारा’ जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीता है।
मोहित सूरी का जन्म 11 अप्रैल 1981 को मुंबई में हुआ था। उनकी मां, हीना सूरी, महेश भट्ट की छोटी बहन थीं। जब मोहित मात्र 8 साल के थे, तभी उनकी मां का निधन हो गया। पिता से उनकी दूरी रही। लिहाजा, 16 साल की उम्र में ही उन्होंने करियर पर फोकस करना शुरू किया और काम शुरू कर दिया। हालांकि, काम की शुरुआत का सफर आसान नहीं था। शुरुआती दिनों में मोहित टी-सीरीज के ऑफिस में असिस्टेंट के तौर पर जुड़े। वहां वे कैसेट्स लाने-ले जाने का काम करते थे। बाद में, उन्होंने विक्रम भट्ट के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम करना शुरू किया। धीरे-धीरे, उन्होंने निर्देशन की तरफ कदम बढ़ाया।
मोहित सूरी आज बॉलीवुड के उन युवा निर्देशकों में शामिल हैं, जिनके साथ बड़े-बड़े कलाकार काम करना चाहते हैं। मोहित की पहली फिल्म साल 2005 में आई फिल्म ‘जहर’ थी, जिसमें उदिता गोस्वामी मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए। लंबे समय तक डेटिंग करने के बाद साल 2013 में मोहित और उदिता ने शादी कर ली। शादी के बाद उदिता ने फिल्मी करियर छोड़ दिया। दंपति के दो बच्चे हैं। उन्होंने बेटी का नाम देवी और बेटे का नाम कर्मा रखा है।
मोहित ने शुरुआत में ‘कलयुग’, ‘आवारापन’ और ‘वो लम्हे’ जैसी सस्पेंस थ्रिलर फिल्में बनाईं। बाद में उन्होंने रोमांटिक फिल्मों की ओर रुख किया। ‘आशिकी 2’ ने उन्हें बड़ी सफलता दिलाई। ‘हमारी अधूरी कहानी’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ जैसी फिल्मों ने भी उनकी फिल्ममेकिंग की ताकत दिखाई।
मोहित सूरी की सबसे बड़ी कामयाबी उनकी हालिया फिल्म ‘सैयारा’ रही। अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया। ‘सैयारा’ मोहित सूरी की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई। इसमें नई जोड़ी की केमिस्ट्री और दिल छू लेने वाली कहानी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर भी उपलब्ध है।
–आईएएनएस
एमटी/डीकेपी
