महाराष्ट्र: मुंबई में प्राइवेट ऑफिस को वर्क फ्रॉम होम का निर्देश, 16 ट्रेनें रद्द 9 का डायवर्जन


मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कर्जत-लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में भूस्खलन होने के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इस संबंध में सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) स्वप्निल नीला ने जानकारी दी।

स्वप्निल नीला ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कर्जत-खोपोली रेल मार्ग प्रभावित हुआ है। पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते कर्जत-लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में भूस्खलन हुआ है। इसकी सूचना सभी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के तीनों रेल ट्रैक प्रभावित हुए हैं।

सीपीआरओ के अनुसार, भूस्खलन की घटना में किसी ट्रेन या यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मुंबई से पुणे जाने वाली लगभग 16 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 9 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित (डायवर्ट) किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और सफर से पहले रेलवे द्वारा जारी ताजा अपडेट अवश्य देख लें।

मुंबई सेंट्रल रेलवे की ओर से जानकारी दी गई है कि ट्रेन नंबर 69174 दहानू रोड–बोरीवली को विरार में ही रोक दिया गया है (शॉर्ट-टर्मिनेट) और यह विरार और बोरीवली के बीच रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 69139 बोरीवली–वलसाड मेमो बोरीवली के बजाय विरार से चलेगी और यह बोरीवली और विरार के बीच रद्द रहेगी। मुंबई सेंट्रल से वापी ट्रेन नंबर 59045 और वापी से मुंबई सेंट्रल ट्रेन नंबर 59040 रद्द कर दी गई है।

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मुंबई-पुणे रेल यात्रियों के लिए जरूरी सूचना, मुंबई-पुणे इलाके में भारी बारिश और घाट सेक्शन में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाओं के कारण रेल सेवाएँ प्रभावित हुई हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है, कुछ का रूट बदल दिया है और कुछ ट्रेनों के शुरू होने और खत्म होने के स्टेशन बदल दिए हैं।”

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान लगाया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मुंबई में सभी निजी कार्यालय कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया है। साथ ही, सरकारी/अर्ध-सरकारी कर्मचारियों (आवश्यक सेवाओं को छोड़कर) के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है।

–आईएएनएस

एसडी/एएस


Related Articles

Latest News