Monday, February 16, 2026

महाराष्ट्र: बेसमेंट में लगी भीषण आग, 29 दोपहिया वाहन खाक, पांच लोग घायल


डोंबिवली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के डोंबिवली ईस्ट के सागाव इलाके में रविवार को एक रिहायशी इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 29 दोपहिया वाहन और कई साइकिलें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं, जबकि आग बुझाने की कोशिश में पांच लोग घायल हो गए।

हालांकि, दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया।

घटना सागाव स्थित चेडा नगर, जय भारत स्कूल के पास ‘राज अपार्टमेंट’ और ‘रविकिरण सोसायटी’ नामक जुड़ी हुई इमारतों के बेसमेंट पार्किंग में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्किंग में खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। पास-पास खड़े अन्य दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते बेसमेंट से उठती आग की लपटें और घना धुआं सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गया, जिससे इमारत में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

अफरा-तफरी के माहौल में बच्चों और बुजुर्गों को तुरंत घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। आग बुझाने के प्रयास में पांच निवासी हल्के रूप से झुलस गए और धुएं से प्रभावित हुए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा इमारत को गंभीर क्षति पहुंच सकती थी।

प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से विस्तृत जांच और पंचनामा किया जा रहा है। इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Related Articles

Latest News