मध्य प्रदेश में जल्द शुरू होगा एआई मिशन: सीएम मोहन यादव


भोपाल, 21 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सेवाओं के संचालन और आर्थिक अवसरों के विस्तार के मकसद से स्टेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जल्दी ही यह मिशन शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य में शीघ्र ही मध्य प्रदेश स्टेट एआई मिशन प्रारंभ किया जाएगा। यह कोशिश प्रदेश में सुशासन एवं विकास को नई गति देने और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने में मददगार होगी। यह मिशन सेवाओं के संचालन और आर्थिक अवसरों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मिशन राज्य के एआई विजन एंड एक्शन फ्रेमवर्क पर आधारित होगा, जिसके माध्यम से व्यवस्था को प्रेडिक्टिव, प्रोएक्टिव एवं डेटा-ड्रिवन बनाया जाएगा।

सीएम ने कहा कि एआई तकनीकों का उपयोग मानवीय निगरानी (ह्यूमन-इन-द-लूप) के साथ किया जाएगा, जिससे सुरक्षा, पारदर्शिता एवं नागरिकों का विश्वास सुनिश्चित किया जा सकेगा। एआई मिशन के क्रियान्वयन से नागरिकों, विशेषकर किसानों, ग्रामीण समुदायों, युवाओं एवं वंचित वर्गों को तेज, स्मार्ट और व्यक्तिगत सेवाएं उपलब्ध होंगी। राज्य सरकार एआई तकनीक को सुलभ एवं किफायती बनाकर समाज के सभी वर्गों तक इसके लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्‍होंने कहा कि स्टेट एआई मिशन में कृषि, स्वास्थ्य, पोषण एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संभावित जोखिमों की पूर्व पहचान संभव हो सकेगी। सभी एआई प्रणालियों में पारदर्शिता, ऑडिटेबिलिटी और प्राइवेसी संरक्षण सुनिश्चित करते हुए रिस्पॉन्सिबल एआई के सिद्धांतों को अपनाया जाएगा। साथ ही प्रशासनिक कार्यों को अधिक दक्ष बनाने के लिए अधिकारियों को ड्राफ्टिंग, विश्लेषण, डिसीजन सपोर्ट एवं डेटा मैनेजमेंट से संबंधित एआई टूल्स उपलब्ध कराए जाएंगे। एआई का उपयोग केवल पायलट परियोजनाओं तक सीमित न रहकर राज्य की प्रमुख योजनाओं में व्यापक रूप से लागू किया जाएगा। साथ ही चरणबद्ध रूप से लागू किया जाएगा।

–आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच


Related Articles

Latest News