मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपनी चर्चित फिल्म कॉर्पोरेट के 20 साल पूरे होने की खुशी साझा की।
इस खास मौके पर फिल्ममेकर ने प्रोड्यूसर्स, कलाकारों, तकनीकी टीम और दर्शकों का धन्यवाद करते हुए एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और प्यार की वजह से यह फिल्म 20 साल बाद भी लोगों के बीच यादगार बनी हुई है। ‘एक्स’ पर मधुर भंडारकर ने उस सफर का हिस्सा बनने के लिए आभार जताया, जिसे फिल्म की रिलीज के दो दशक बाद भी लोग याद करते हैं।
फिल्म के पोस्टर साझा करते हुए मधुर भंडारकर ने लिखा, “20 ईयर ऑफ कॉरपोरेट, समय कितनी जल्दी बीत जाता है। सभी प्रोड्यूसर्स, शानदार कलाकारों, प्रतिभाशाली तकनीकी टीम और सबसे बढ़कर दर्शकों का दिल से धन्यवाद। फिल्म कॉरपोरेट के लिए आपका प्यार और सराहना ही इसे इतने वर्षों तक यादगार बनाए हुए है। इस खूबसूरत सफर के लिए मैं आभारी हूं।” उन्होंने इस पोस्ट में फिल्म से जुड़े कलाकारों और सहयोगियों को भी टैग किया।
7 जुलाई 2006 को रिलीज हुई फिल्म ‘कॉर्पोरेट’ को मधुर भंडारकर ने लिखा और निर्देशित किया था। फिल्म में बिपाशा बसु, केके मेनन, पायल रोहतगी, मिनिषा लांबा और राज बब्बर ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म की कहानी दो बड़े उद्योगपतियों और उनके कारोबारी साम्राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धा, महत्वाकांक्षा और सत्ता के संघर्ष को दर्शाती है।
इस बीच, पिछले महीने मधुर भंडारकर उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी थी। फिल्म निर्माता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा था कि देश सुरक्षित हाथों में है।
भंडारकर ने आईएएनएस से कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी इतने लंबे समय से इस पद पर हैं और उन्होंने अच्छा काम किया है। साल 2014 से हमने देश में कई बदलावों और विकास का सफर देखा है। वह दुनिया के लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। हम जब भी विदेश जाते हैं, वहां लोग उनकी तारीफ करते हैं और उन्हें पसंद करते हैं।”
उनके मुताबिक, “यह बहुत खुशी की बात है कि उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का लंबा कार्यकाल पूरा किया है और सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो गए हैं। यह एक बड़ी उपलब्धि है। जब भी मेरी उनसे मुलाकात हुई है, मेरा अनुभव हमेशा बहुत अच्छा रहा है।”
–आईएएनएस
एसएचके/वीसी
