शहर के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित चार मंजिला एनीमेशन सेंटर में लगी भीषण आग की लपटों के बीच से उत्तराखंड निवासी पंकज बचकर निकल आए। एनीमेशन ट्रेनिंग सेंटर में कार्यरत पंकज ने बताया कि आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था।
पंकज के अनुसार जान बचाने के लिए उन्होंने खिड़की का शीशा तोड़ा और रेलिंग के सहारे आगे बढ़े फिर पाइप पकड़कर नीचे उतरे। उस समय हर तरफ चीख-पुकार मची थी और अंदर फंसे लोग किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। पंकज ने बताया कि आग लगने की सूचना तुरंत दे दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया।
उनका दावा है कि जब तक राहत और बचाव दल पहुंचा तब तक अंदर फंसे ज्यादातर लोगों की हालत गंभीर हो चुकी थी और कई लोगों की जान भी जा चुकी थी। धुएं का गुबार इतना घना था कि कुछ ही देर में सांस लेना मुश्किल हो गया था। हर व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन कई लोग बाहर निकलने का रास्ता नहीं तलाश सके।
