राजधानी के लोगों को पीएम सूर्य घर योजना खूब पसंद आ रही है। पिछले चंद महिनों में राजधानी के लोगों ने गुजरात के सूरत को पीछे छोड़ते हुए 15 अप्रैल तक 3,133 रूफ टाप सोलर (आरटीएस) लगवाकर भारत में अव्वल रहा। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में जहां यह बड़ी उपलब्धि है, वहीं सब्सिडी देने में भी यूपी सबसे आगे चल रहा है।उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा अभिकरण (यूपीनेडा) के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लखनऊ में अब तक 87,000 से अधिक रूफटाप लग चुके हैं। हजारों आवेदन वेटिंग में है। यह देश के किसी भी जिले में सबसे अधिक हैं। 15 अप्रैल तक लखनऊ में 3,133 रूफटाप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
यूपीनेडा में पंजीकृत 5400 वेंडर इस समय पीएम सूर्य घर योजना के सपनों को साकार करने में पूरी तरह से मदद कर रहे हैं। इंद्रजीत के मुताबिक बिजली का बिल कई उपभोक्ताओं का शून्य में हो गया तो किसी का माइनस में। घर का बजट जहां बिजली के बिल से बिगड़ता था, अब बजट बनने लगा है।
आवेदन करने के चंद दिनों बाद वेंडर आरटीएस लगा रहे हैं और चंद सप्ताह में केंद्र व राज्य सरकार से सब्सिडी भी आ जा रही है। इसलिए आवेदकों की संख्या एक दम से बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि लखनऊ की यह उपलब्धि अन्य जिलों के लिए यह एक मिसाल बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश के अन्य शहर भी सोलर इंस्टालेशन में तेजी दिखा रहे हैं और राज्य देश के अग्रणी घरेलू रूफटॉप सोलर ऊर्जा केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। लखनऊ के बाद वाराणसी दूसरे नंबर पर और कानपुर नगर तीसरे नंबर पर है।
