एलडीए ने अवैध निर्माण पर शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। नैमिष नगर योजना में लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही सात अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं, काकोरी में 30 बीघा अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला। दो अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये।प्रवर्तन जोन चार के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि सीतापुर रोड पर नैमिष नगर योजना लांच होगी। किसानों से सहमति के आधार पर भूमि खरीदी जा रही है। शनिवार को ग्राम-सैदापुर, कमलापुर, फर्रूखाबाद, भौली में अभियान चलाया गया।
इस दौरान गंगाराम, राम नरेश, जितेन्द्र वर्मा, वंशराज यादव, मेंहदी हसन, मोहम्मद इमरान बेग, रामेश्वर यादव व अन्य की लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।वहीं, प्रवर्तन जोन तीन के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने काकोरी के ग्राम-शिवरी में अभियान चलाकर लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही पांच अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया।
