राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आज सांसद खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, खेल प्रेमी और आम नागरिक शामिल हुए। आयोजन को लेकर पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को नौकरी
खेल मंत्री ने कहा कि सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि ओलंपिक, पैरा ओलंपिक और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। यह कदम खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बेहद अहम है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय को डिप्टी एसपी के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें।
स्पोर्ट्स कोटे में बड़ी संख्या में भर्तियां
गिरीश यादव ने बताया कि सरकार ने पहली बार बड़े स्तर पर स्पोर्ट्स कोटे के तहत भर्तियां की हैं। पुलिस विभाग में 434 खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है, जो प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा, “पहले कहा जाता था कि ‘खेलोगे-कूदोगे बनोगे खराब’, लेकिन हमारी सरकार ने इस सोच को बदलने का काम किया है। आज खेल को एक सम्मानजनक करियर के रूप में देखा जा रहा है।”
हर विधानसभा क्षेत्र में खेल आयोजन
खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है, जिससे गांव-गांव से प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश को सबसे अधिक खिलाड़ी देने वाला राज्य बनेगा।
पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी
सरकार ने खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। इससे खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिली है और वे अपने खेल पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।
