लखनऊ में कृष्णानगर पुलिस और सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी लुटेरा कुलदीप यादव को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की करीब 8 लाख रुपये की ज्वैलरी और नगदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, कुलदीप यादव लूट और चोरी की कई वारदातों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को उसे केसरीखेड़ा रेलवे लाइन के पास एक झोपड़ी से गिरफ्तार किया।जांच में पता चला है कि यह गैंग घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। कृष्णानगर थाना क्षेत्र में इस गैंग ने कई चोरियां की थीं, जिनके संबंध में अलग-अलग मामले दर्ज हैं।
इस गैंग से जुड़े अन्य आरोपी भी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मार्च में शुभम सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि दूसरे आरोपी विपिन को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुलदीप यादव के खिलाफ कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
