लखनऊ: इन व्यस्त इलाकों में अब वाहन पार्क करना होगा आसान, PPP मॉडल पर तीन हाईटेक पार्किंग का प्रस्ताव तैयार 

गोमती नगर स्थित अंबेडकर स्मारक, पत्रकारपुरम और विराम खंड में वाहन पार्क करने की समस्या जल्द दूर होगी। इन स्थानों पर लखनऊ विकास प्राधिकरण पीपीपी मॉडल पर हाईटेक पार्किंग बनाएगा। बड़ी संख्या में वाहन खड़े करने की सुविधा मिलने से सड़कों पर जाम नहीं लगेगा। सोमवार को इंजीनियरों ने प्रस्ताव तैयार करके उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सौंपा है।अंबेडकर स्मारक और उसके सामने यूपी दर्शन पार्क में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते है। बड़े-छोटे वाहनाें की संख्या अधिक होने की वजह से पार्किंग में खड़े करने की जगह कम पड़ जाती है। इस वजह से लोग सड़क किनारे या अन्य जगह आड़े-तिरछे वाहन खड़े करते हैं और जाम लगता है। खासकर शाम को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। इसी को देखते हुए 25 करोड़ लागत से हाईटेक मैकेनिकल पार्किंग बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। 

इससे स्थानीय लोगों के साथ पार्क में घूमने आए लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा पत्रकारपुरम चौराहे के पास भी वाहनों से लोगों का अधिक आनाजाना होता है। बड़ी संख्या में वाहन पार्क करने की व्यवस्था नहीं है। चौराहे के पास पार्क में 48 करोड़ से तीन मंजिल भूमिगत पार्किंग बनेगी। विराम खंड भी व्यस्तम इलाकों में शामिल है। क्षेत्र में आवासीय, व्यावसायिक व सरकारी गतिविधियां अधिक हैं। हजारों वाहनों का रोजाना भार रहता है। पार्क के अंदर 40 करोड़ से पार्किंग बनाई जाएगी। पार्किंग बनने से यातायात में काफी सुधार आएगा। ।

Related Articles

Latest News