लखनऊ: फ़िल्म ‘ज़रा सी धूप’ की स्क्रीनिंग, मदर्स डे पर सनतकदा में भावुक हुए दर्शक

लखनऊ बायोस्कोप ने मदर्स डे के अवसर पर फ़िल्म ज़रा सी धूप की स्क्रीनिंग का आयोजन किया। कैसरबाग स्थित सनतकदा में रविवार को आयुषी अग्रवाल द्वारा निर्मित फिल्म ज़रा सी धूप की स्क्रीनिंग हुई। यह एक भावनात्मक पारिवारिक फ़िल्म है, जो एक युवा लड़की पियाली और उसकी मां नीलम के रिश्ते को दर्शाती है। फ़िल्म के पीछे की प्रेरणा के बारे में बात करते हुए आयुषी अग्रवाल ने कहा कि मां और बेटी के बीच एक बहुत ख़ास रिश्ता होता है और मैं उसी को दिखाना चाहती थी।उन्होंने बताया कि यह फ़िल्म उनकी दिवंगत मासी को समर्पित है, जिनकी मज़बूत इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच ने इस कहानी को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय तक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझती रहीं, लेकिन जीवन के प्रति उनका दृष्टिकोण हमेशा बहुत सकारात्मक था।

वहीं से ज़रा सी धूप शीर्षक आया। यह फ़िल्म बेटियों और महिलाओं द्वारा परिवार के लिए किए जाने वाले भावनात्मक संघर्षों और त्याग को संवेदनशील और वास्तविक तरीके से प्रस्तुत करती है। स्क्रीनिंग के बाद आयुषी अग्रवाल के साथ एक रोचक चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें दर्शकों ने फ़िल्म के विषय, निर्माण प्रक्रिया और उसकी भावनात्मक गहराई पर बातचीत की।

कौन हैं आयुषी अग्रवाल

आयुषी अग्रवाल भारत की एक मल्टीडिसिप्लिनरी फ़िल्ममेकर हैं। कम्युनिकेशन डिज़ाइन में स्नातक शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने वर्ष 2021 में लंदन फ़िल्म स्कूल से सिनेमैटोग्राफ़ी की पढ़ाई की। वर्तमान में वह क्रिएटिव डायरेक्शन, प्रोडक्शन डिज़ाइन, स्क्रीनराइटिंग, प्रोड्यूसिंग और सिनेमैटोग्राफ़ी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में व्यक्तिगत और क्लाइंट आधारित प्रोजेक्ट्स पर कार्य कर रही हैं।

Related Articles

Latest News