लखनऊ : अप्रैल 3 साल में सबसे ज्यादा गर्म:कूलिंग पॉइंट में घड़े का पानी और गुड़ मिल रहा, ट्रांसफॉर्मर के सामने लगाए पंखे

लखनऊ में सुबह से तेज धूप निकली। उसके बाद भीषण गर्मी पड़ रही है। इस दौरान गर्मी से राहत के लिए नगर निगम ने लालबाग और 1090 चौराहे पर कूलिंग पॉइंट बनाए हैं। यहां तंबू लगाकर अंदर कूलर-पंखे लगाए गए हैं। घड़े में पानी और प्लेट में गुड़ रखा गया ताकि राहगीर कुछ देर गर्मी से राहत पा सकें।इस भीषण गर्मी में बिजली के ट्रांसफॉर्मर गर्म पड़ रहे हैं।

ट्रांसफॉर्मर बचाने के लिए उनके सामने पंखे लगाए गए हैं। कहीं-कहीं वोल्टेज भी लो होने की समस्या आ रही है। इसके लिए अधिकारियों ने अर्थिंग में पानी डलवाया है। लोगों को चेतावनी भी दी है कि घरों में लगी अर्थिंग पर पानी बिना सलाह के न डालें।मौसम विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री पहुंचेगा और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। रविवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान सीजन में सबसे अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 51 और न्यूनतम 17 फीसदी रही।

बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी देगी राहत

गर्मी और लू का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव होने से लू का असर हल्का होगा, लेकिन आज लखनऊ में लू चलने की संभावना बनी रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल से मौसम बदलना शुरू होगा।

8 अप्रैल तक इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो मई की शुरुआत तक जारी रहने की संभावना है। बारिश और बादलों के असर से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे 28 अप्रैल से लू की स्थिति में और सुधार होने की उम्मीद है।

Related Articles

Latest News