एलपीजी संकट पर विपक्षी सांसदों ने सरकार को घेरा, भाजपा सांसदों ने किया पलटवार


नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से बात की है। उनके इस बयान पर विपक्षी सांसदों की प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि इटावा समेत पूरे देश में यही स्थिति है। इन लोगों को न जाने किस स्कूल में पढ़ाया गया है कि 100 प्रतिशत झूठ बोलने में कोई संकोच नहीं करते। इस देश का ईश्वर भला करे।

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पूरे देश के हर कोने पर लाइनें लगी हैं। पेट्रोलियम मंत्री से यही कहूंगा कि कम से कम अपने अधिकारियों को सुरक्षा प्रदान करें। देश के अलग-अलग हिस्सों से फोटो और वीडियो आ रहे हैं। किस तरह से एलपीजी की किल्लत है। मैं बहुत जिम्मेदारी से कह रहा हूं कि एलपीजी संकट को लेकर देशभर में स्थिति बेहद खराब है।

समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सड़कों पर जनता की जो लाइन लगी है, वो फोटो एआई से बनी है। केंद्र सरकार सत्ता के अहंकार में चूर है। आइए मेरे संसदीय क्षेत्र में दिखाएं कैसी लाइन लगी है, लोग मुझे कैसे फोन कर रहे हैं।

आरजेडी सांसद संजय यादव ने कहा कि लोग गैस एजेंसियों के बाहर लाइन लगा रहे हैं। जब तक सरकार समस्या को स्वीकार नहीं करेगी तो उसका समाधान कैसे निकालेगी। लोग लंबी-लंबी कतारे लगाए हुए हैं और कालाबाजारी बढ़ गई है। पेट्रोलियम मंत्री अलग दुनिया में रहते हैं।

सीपीआई सांसद पी संतोष कुमार ने कहा कि देश में गैस की बहुत कमी है। गांव से लेकर शहर तक हर जगह कमी है। अचानक ये परिस्थिति क्यों आई? इसकी दो वजहें हो सकती हैं। संघर्ष की वजह से कमी है या फिप ब्लैक मार्केटिंग बहुत हो रही है। पेट्रोलियम मंत्री के इस बयान से समस्या का हल नहीं होने वाला है।

भाजपा सांसद दामोदर दास अग्रवाल ने आईएएनएस से कहा कि सरकार ने साफ किया है कि पेट्रोल-डीजल के भंडार हैं। सीएनजी में किसी प्रकार की कटौती नहीं है। जल्द ही पूरी स्थिति सामान्य हो जाएगी लेकिन देश में अराजकता पैदा कर विद्रोह कराना गुनाह है। विपक्ष के रवैये पर उन्होंने कहा कि सदन की सीढ़ियों पर बैठकर खाना-पीना, लोकतंत्र में इससे बड़ी गिरावट नहीं हो सकती है।

भाजपा सांसद भोला सिंह ने कहा कि 2014 से पहले देश की जनता गैस के लिए लाइन में लगती थी। इसके बाद भी सिलेंडर नहीं मिलता था, ब्लैक में खरीदना पड़ता था। उस समय सिलेंडर के नाम पर कालाबाजारी चलती थी। उज्ज्वला योजना में 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त में सिलेंडर दिए गए हैं। कोविड के वक्त लोगों ने जनता को गुमराह किया कि वैक्सीन नहीं लेनी है। ट्वीटर पर राजनीति करते रहे और चुपके से जाकर वैक्सीन लगवा ली।

भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री ने बहुत जिम्मेदारी से बयान दिया है। ये वैश्विक समस्या है, इससे सबको कुछ न कुछ परेशानी हो रही है। कुछ लोग अतिरिक्त सिलेंडर खरीद रहे हैं इससे दिक्कत हो रही है। उन्होंने विपक्ष को लेकर कहा कि समस्या को सुलझाने के बजाय लोगों को मत भड़काइए। ।

भाजपा सांसद रविकिशन ने कहा कि अफवाह फैलाना विपक्षी दलों का काम है। केंद्र सरकार समस्या का समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Related Articles

Latest News