'20 रनों के अंदर 5 विकेट गंवाना महंगा पड़ा', कप्तान ब्रूक ने बताई पहले वनडे में हार की वजह


नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को भारत के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने माना कि बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाने का खामियाजा इंग्लिश टीम को भुगतना पड़ा।

बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए पहले वनडे में मिली हार के बाद कप्तान ब्रूक ने कहा, “जाहिर है, यह अच्छी शुरुआत नहीं है। मुझे लगता है कि हमने बीच के ओवरों में 20 रन पर 5 विकेट खो दिए, जिसके कारण हम बैकफुट पर चले गए। हालांकि, मुझे लगा कि जिस तरह से खिलाड़ियों ने डटकर सामना किया और गेंद से हमें मैच में वापस लाने की कोशिश की, वह जबरदस्त था। हम एक अच्छे टोटल तक पहुंच गए थे, जिसे डिफेंड किया जा सकता था। हालांकि, सभी खिलाड़ियों ने बहुत अच्छी कोशिश की।

उन्होंने आगे कहा, “हां, हमेशा ही 20 रन पर 5 विकेट खोना कभी भी अच्छा नहीं होता। हम मैच के उस समय में निश्चित रूप से थोड़ा बेहतर खेलना चाहते थे। हालांकि, जैसा मैंने कहा कि बोर्ड पर 260 रन बनाना और उस दौरान अच्छी बल्लेबाजी करना, रूट और डॉसन की शानदार कोशिश थी। उनकी पार्टनरशिप और आखिर में कुछ छोटी-छोटी ,लेकिन अहम पारियों ने भी इसमें मदद की।”

ब्रूक से जब पूछा गया कि क्या 259 रनों का टारगेट बचाव करने लायक था, तो उन्होंने कहा, “हमें लगा कि पिच में भी काफी बदलाव आया। यह थोड़ी धीमी हो गई, जिससे उन्हें आसानी से खेलने का मौका मिल गया। उन्हें बस 5-6 रन प्रति ओवर की जरूरत थी। हां, ब्रेक के समय हमें लगा कि अगर पिच वैसी ही रहती, तो हमारा स्कोर काफी होता।”

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 47.5 ओवर में 258 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से जो रूट ने सर्वाधिक 76 रन बनाए और वह नाबाद रहे, जबकि लियाम डॉसन ने 68 रनों का योगदान दिया। हालांकि, भारतीय टीम ने 259 रनों के लक्ष्य को 45.2 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान शुभमन गिल 80 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ( नाबाद 52 रन) और अक्षर पटेल (नाबाद 57 रन) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News