बीजिंग, 24 जून (आईएएनएस)। चीन के ल्याओनिंग प्रांत के ताल्येन शहर में आयोजित 17वें ग्रीष्मकालीन दावोस फोरम में “वर्ष 2026 की शीर्ष 10 उभरती प्रौद्योगिकियां” रिपोर्ट जारी की गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि चीन का मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र नई प्रौद्योगिकियों को तेजी से व्यावहारिक रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे वैश्विक आर्थिक विकास के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
रिपोर्ट में इंटरनेट ऑफ एवरीथिंग (आईओई) ग्रिड, प्रत्यक्ष लिथियम निष्कर्षण तकनीक और निष्क्रिय शीतलन सामग्री समेत 10 प्रमुख उभरती प्रौद्योगिकियों को शामिल किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष तकनीकी विकास का केंद्र सॉफ्टवेयर आधारित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से आगे बढ़कर वास्तविक और भौतिक प्रणालियों की ओर स्थानांतरित हो रहा है। साथ ही, कई नई तकनीकें संसाधनों और भौगोलिक सीमाओं की बाधाओं को कम कर रही हैं, जिससे ऊर्जा, पर्यावरण और स्वास्थ्य जैसी वैश्विक चुनौतियों के समाधान में मदद मिल सकती है।
फ्रंटियर्स पब्लिशिंग के मुख्य कार्यकारी संपादक फैन मिंगसोंग ने कहा कि इस वर्ष सूचीबद्ध अधिकांश अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां वास्तविक अर्थव्यवस्था से जुड़ी हैं। इनमें खनिज संसाधन विकास, खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। उनके अनुसार, यही इस वर्ष की तकनीकी प्रगति का सबसे बड़ा रुझान है। उन्होंने कहा कि शीर्ष 10 उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में चीन का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है।
विश्व आर्थिक मंच के कार्यकारी निदेशक ल्यांग चिनहुई ने कहा कि चीन में किसी नए विचार के विकास, परीक्षण और बड़े पैमाने पर उत्पादन तक पहुंचने की प्रक्रिया बहुत तेज है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ताल्येन में आयोजित ग्रीष्मकालीन दावोस फोरम में भाग लेने वाली कंपनियों में लगभग 70 प्रतिशत विदेशी कंपनियां हैं। ये कंपनियां न केवल चीन की विनिर्माण क्षमता का लाभ उठाना चाहती हैं, बल्कि चीन की व्यापक नवाचार प्रणाली के साथ भी सहयोग बढ़ाने की इच्छुक हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
