अमरावती, 22 जून (आईएएनएस)। अमरावती विधान परिषद चुनाव में शानदार जीत के बाद भाजपा उम्मीदवार प्रवीण पोटे ने सभी मतदाताओं, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं बल्कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत है।
प्रवीण पोटे ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और सहयोगियों के समर्थन से यह ऐतिहासिक विजय संभव हुई है। उन्होंने विशेष रूप से उन जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद किया जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर मतदान किया।उन्होंने कहा कि अमरावती के विकास, जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे पहले से अधिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। पोटे ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और विकास का यह सफर लगातार आगे बढ़ता रहेगा।
प्रवीण पोटे पाटिल ने कहा, “मैं 390 वोटों के अंतर से जीता हूं। यह बहुत अच्छी जीत है। मैंने उन सभी नगर पार्षदों के समर्थन से यह चुनाव लड़ा जिन्होंने मुझे वोट दिया और उस समर्थन ने मुझे इतनी शानदार जीत दिलाने में मदद की। हर नगर पालिका के लोगों के साथ मेरे पारिवारिक संबंध हैं। वे मुझे अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं, इसीलिए मुझे इतना ज़बरदस्त समर्थन मिला और यह जीत हासिल हुई।”
वहीं, नागपुर में भाजपा प्रत्याशी राजू पोद्दार ने कहा कि कांग्रेस अपने वोट एकजुट करने में नाकाम रही। इस चुनाव में हमें अपेक्षा से अधिक वोट मिले हैं। एनडीए गठबंधन को महायुति से 100 वोट अधिक (682) मिले हैं। इस चुनाव में शानदार जीत के लिए मैं पार्टी कार्यकर्ताओं का आभारी हूं। कांग्रेस उम्मीदवार के बारे में राजू पोद्दार ने कहा, “सिर्फ स्टार चेहरे के सहारे चुनाव नहीं जीता जाता। चुनाव जीतने के लिए जमीन से जुड़ा रहना जरूरी है। मैं संगठन में कई सालों से काम कर रहा हूं। इस संगठन के माध्यम से मैं नगर पालिका और पंचायत चुनाव में पदाधिकारियों को जिताता रहा हूं।
वहीं, भंडारा से महायुति के विजयी उम्मीदवार अविनाश ब्राह्मणकर ने कहा, “यह जीत मतदाताओं और महायुति गठबंधन के नेताओं द्वारा मुझ पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है।”
–आईएएनएस
ओपी/पीएम
