लखीमपुर खीरी: विटामिन ‘ए’ संपूर्ण कार्यक्रम का आगाज, पालिका अध्यक्ष ने बच्चों को पिलाई पहली खुराक

जनपद के बच्चों को रतौंधी, अंधापन और कुपोषण जैसी गंभीर समस्याओं से बचाने के लिए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्यारेपुर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव और सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान डॉ. इरा श्रीवास्तव ने बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

पालिका अध्यक्ष ने पिलाई विटामिन-ए की खुराक

पालिकाध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही देश और समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। नगर पालिका का लक्ष्य केवल आधारभूत सुविधाओं का विकास नहीं, बल्कि नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना भी है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि हर बच्चा स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण में विकसित हो सके। 

कई बीमारियों से लड़ने में करेगा मदद

सीएमओ ने बताया कि विटामिन ए की कमी से बच्चों में रतौंधी, अंधापन, रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी, बार-बार बीमार पड़ना और कुपोषण जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। वहीं समय पर खुराक मिलने से बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, कुपोषण का खतरा कम होता है और आंखों की रोशनी सुरक्षित रहती है। कार्यक्रम में जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. रवि सिंह, नोडल अर्बन डॉ. अमितेश द्विवेदी, अर्बन कोऑर्डिनेटर राहुल शाक्य, प्रभारी अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर डॉ. शाहीन फातिमा, एएनएम प्रियंका सिंह, रचना, रिमझिम, दीपक केवट समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

Related Articles

Latest News